सोने-चांदी में रिकॉर्ड तेजी, सोना 1.62 लाख तो चांदी 2.45 लाख रुपये के पार

Thecity news
3 Min Read

पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार उछाल, जानें प्रमुख शहरों के रेट

पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच दिल्ली के सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों में रिकॉर्ड तेजी देखने को मिली। अचानक आई इस बड़ी तेजी से आम उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ गई है, जबकि सर्राफा बाजार में भी हलचल तेज हो गई है।

वैश्विक स्तर पर बॉन्ड यील्ड और अमेरिकी डॉलर में गिरावट के बाद निवेशकों ने सुरक्षित निवेश विकल्प के तौर पर बहुमूल्य धातुओं का रुख किया है। इसके चलते घरेलू बाजार में लगातार दूसरे दिन सोने और चांदी की मांग में तेजी रही, जो पिछले कई हफ्तों के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई।

सोने की कीमतों में भारी उछाल

सर्राफा बाजार में शुक्रवार को 24 कैरेट शुद्ध सोने की कीमत में 4,300 रुपये प्रति 10 ग्राम की भारी तेजी दर्ज की गई। इस उछाल के बाद सोने की कीमत 1,58,000 रुपये से बढ़कर 1,62,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। दिल्ली के सर्राफा बाजार में करों सहित इसका भाव 1,62,300 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया।

चांदी की कीमतों में रिकॉर्ड तेजी

सोने के साथ चांदी की कीमतों में भी जोरदार तेजी आई। बाजार में शुद्ध चांदी 2,35,000 रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़कर 2,45,000 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुंच गई। यानी एक ही दिन में चांदी की कीमत में 10,000 रुपये प्रति किलोग्राम का भारी उछाल आया।

देश के प्रमुख शहरों में गोल्ड रेट

देश के प्रमुख शहरों में 24 कैरेट सोने की कीमतें भी ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं। दिल्ली और लखनऊ में सोने का भाव 1,59,420 रुपये प्रति 10 ग्राम है। वहीं मुंबई, कोलकाता और चेन्नई में 24 कैरेट सोना 1,59,270 रुपये प्रति 10 ग्राम पर है।

इसके अलावा पटना और अहमदाबाद में आज सोने की कीमत 1,59,320 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर है।

एमसीएक्स वायदा और विदेशी बाजार

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी एमसीएक्स पर सोने का वायदा भाव 0.98 प्रतिशत बढ़कर 1,59,544 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। वहीं एमसीएक्स पर चांदी का वायदा भाव भी 0.02 प्रतिशत की तेजी के साथ 2,43,298 रुपये प्रति किलोग्राम पर रहा।

वैश्विक बाजार में हाजिर सोना 4,514.23 डॉलर प्रति औंस पर दर्ज किया गया।

बाजार विशेषज्ञों की क्या है राय?

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सौमिल गांधी के अनुसार, अमेरिकी डॉलर और बॉन्ड यील्ड में गिरावट के कारण सोने की मांग बढ़ी है। वहीं शेयरखान के प्रवीण सिंह का कहना है कि डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान पर नए प्रतिबंध लगाए जाने के कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है। इसके चलते हाजिर सोने की कीमत घटकर 4,450 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गई।

Share This Article