‘कल्कि 2898 एडी’ पार्ट 2 को लेकर बड़ा खुलासा, दीपिका पादुकोण की जगह नहीं आएगा कोई नया चेहरा

Thecity news
3 Min Read

निर्देशक नाग अश्विन ने सीक्वल की स्टार कास्ट और शूटिंग शेड्यूल पर दी जानकारी, अक्टूबर के मध्य से दोबारा शुरू होगी नियमित शूटिंग

साल 2024 में दुनियाभर में 1,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई करने वाली साइंस-फिक्शन फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ के दूसरे पार्ट को लेकर दर्शकों में काफी उत्सुकता है। अब फिल्म के सीक्वल को लेकर निर्देशक नाग अश्विन ने एक अहम जानकारी साझा की है। उनके मुताबिक, दूसरे पार्ट में किसी नए कलाकार की एंट्री नहीं होगी। इस बयान के बाद फिल्म की कहानी और दीपिका पादुकोण के किरदार को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

पार्ट 2 में नहीं होगी किसी नए कलाकार की एंट्री

नाग अश्विन ने एक इंटरव्यू के दौरान बताया कि वह कहानी को मौजूदा किरदारों के साथ ही आगे बढ़ाएंगे। उनसे जब सीक्वल में नए चेहरों को शामिल करने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने स्पष्ट किया कि फिल्म में कोई नई एंट्री नहीं हो रही है।

निर्देशक के अनुसार, पहले पार्ट में ही बड़ी संख्या में किरदार मौजूद हैं और आगे की कहानी उन्हीं के इर्द-गिर्द आगे बढ़ाई जाएगी। उनके इस बयान के बाद उन अटकलों पर विराम लग गया है, जिनमें दीपिका पादुकोण के फिल्म से अलग होने के बाद उनके किरदार के लिए किसी दूसरी अभिनेत्री को कास्ट किए जाने की चर्चा थी।

सुमति के किरदार को लेकर बना सस्पेंस

दीपिका पादुकोण ने ‘कल्कि 2898 एडी’ में सुमति का किरदार निभाया था। फिल्म की कहानी में यह किरदार बेहद महत्वपूर्ण था। बाद में प्रोडक्शन कंपनी वैजयंती मूवीज ने सोशल मीडिया पर दीपिका और उनके अलग होने की जानकारी साझा की थी।

रिपोर्ट्स में दोनों के अलग होने की वजह के तौर पर फीस और स्क्रीन टाइम से जुड़े मुद्दों का दावा किया गया था। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है। अब किसी नई अभिनेत्री की एंट्री नहीं होने की जानकारी के बाद दर्शकों के बीच यह सवाल बना हुआ है कि दूसरे पार्ट में सुमति के किरदार और उसकी कहानी को किस तरह आगे बढ़ाया जाएगा।

अमिताभ बच्चन और कमल हासन के सीन्स की शूटिंग पूरी

नाग अश्विन ने फिल्म की प्रोडक्शन प्रक्रिया को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अमिताभ बच्चन और कमल हासन के कुछ सोलो सीन्स और संयुक्त सीन्स पहले ही शूट किए जा चुके हैं।

प्रभास की दूसरी फिल्मों में व्यस्तता के कारण ‘कल्कि 2898 एडी’ के दूसरे पार्ट की शूटिंग प्रभावित हुई थी। अब उनकी डेट्स को लेकर स्थिति साफ हो गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, मुख्य कलाकारों के साथ अक्टूबर के मध्य से नियमित शूटिंग दोबारा शुरू की जाएगी।

मेकर्स का लक्ष्य अगले साल के मध्य तक शूटिंग पूरी करने का है। इसके बाद फिल्म के पोस्ट-प्रोडक्शन पर काम शुरू किया जाएगा।

Share This Article