Kashipur Attack Case: ‘भारत माता की जय’ न बोलने पर कश्मीरी कारोबारी की पिटाई, इल्तिजा मुफ्ती ने बजरंग दल-RSS को बताया ‘जानलेवा कैंसर’

Thecity news
3 Min Read

उत्तराखंड के काशीपुर में कश्मीरी शॉल कारोबारी बिलाल अहमद पर हुए कथित हमले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। ‘भारत माता की जय’ का नारा लगाने से इनकार करने पर हुई इस कथित पिटाई को लेकर पीडीपी (PDP) नेता इल्तिजा मुफ्ती ने बजरंग दल और आरएसएस पर बेहद तीखा हमला बोला है।

काशीपुर में शर्मनाक घटना

यह घटना उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, कश्मीर के कुपवाड़ा निवासी बिलाल अहमद पिछले करीब 10 वर्षों से प्रतापपुर इलाके में शॉल बेचने का काम कर रहे थे।

आरोप है कि बुधवार को बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेर लिया और जबरन ‘भारत माता की जय’ का नारा लगाने के लिए दबाव बनाया।
जब बिलाल ने ऐसा करने से इनकार किया, तो उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। हमलावरों ने उनके चेहरे और सिर पर मुक्के मारे, जान से मारने की धमकी दी और तुरंत उत्तराखंड छोड़ने को कहा

इल्तिजा मुफ्ती का तीखा बयान

घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए इल्तिजा मुफ्ती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर कड़ा बयान जारी किया। उन्होंने लिखा कि सिर्फ नारा न लगाने पर एक कश्मीरी कारोबारी को पीटा गया।

इल्तिजा मुफ्ती ने कहा,

“बजरंग दल और आरएसएस एक जानलेवा कैंसर की तरह हैं, जो भारत को बीमार कर रहे हैं। गांधी का भारत मौत की कगार पर खड़ा है।”

उनका यह बयान सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में तेजी से वायरल हो रहा है।

पीड़ित का सामान लूटा गया, FIR की मांग

हमले के बाद बिलाल अहमद का सामान भी लूट लिया गया, जिससे स्थानीय व्यापारियों में डर का माहौल है।
इस मामले में जम्मू-कश्मीर छात्र संघ (JKSA) ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक (DGP) दीपम सेठ को पत्र लिखा है।

JKSA ने आरोप लगाया कि बिलाल किसी तरह से बाहरी या नया व्यक्ति नहीं था, बल्कि वर्षों से शांतिपूर्वक व्यापार कर रहा था।
संघ ने मांग की है कि

  • मामले में तत्काल FIR दर्ज की जाए
  • दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए

फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से जांच को लेकर औपचारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *