पत्नी और उसके कथित प्रेमी की कुल्हाड़ी से हत्या, पति गिरफ्तार

Thecity news
2 Min Read

कमरे में दोनों को आपत्तिजनक हालत में देखने के बाद आरोपी ने गुस्से में वारदात को अंजाम दिया, पुलिस ने हथियार जब्त किया।

झारखंड के लोहरदगा जिले में छठ पूजा के बीच दोहरे हत्याकांड का मामला सामने आया है। भंडरा थाना क्षेत्र के कुम्भाटोली गांव में रविवार, 15 नवंबर की देर रात एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और उसके कथित प्रेमी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति सोनू लहेरी को गिरफ्तार कर लिया है।

प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार, सोनू लहेरी की पत्नी पूजा देवी की पहचान बिहार के पटना जिले के रहने वाले रोहित लहेरी से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए।

बताया गया है कि रविवार देर रात छठ पर्व के दौरान रोहित लहेरी पूजा देवी से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी बीच सोनू अचानक घर पहुंच गया। कमरे में पत्नी और रोहित को आपत्तिजनक हालत में देखने के बाद वह गुस्से में आ गया।

आरोप है कि सोनू ने घर में रखी कुल्हाड़ी से दोनों पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने कुल्हाड़ी जब्त कर शुरू की जांच

दोहरी हत्या की सूचना मिलते ही भंडरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी सोनू लहेरी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।

पुलिस ने घटनास्थल को सील कर साक्ष्य जुटाए और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही मामले के अन्य पहलुओं की जांच भी जारी है।

Share This Article