माता-पिता खेत में मजदूरी करने गए थे और बच्ची पास की झोपड़ी में थी। घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
महोबा, 8 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में 3 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि माता-पिता के खेत में मजदूरी करने जाने के दौरान गांव का ही एक युवक बच्ची को अकेला देखकर झोपड़ी में पहुंचा और उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
बच्ची को अस्पताल में कराया गया भर्ती
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। उसका उपचार चल रहा है। घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह के मुताबिक, कबरई थाना क्षेत्र के एक गांव में पीआरवी के जरिए घटना की सूचना मिली थी। मजदूर दंपति खेत में काम करने गए थे और उनकी 3 साल की बेटी पास की झोपड़ी में थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव के 25 वर्षीय युवक चंदन सिंह ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य भी जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

