बिहार में आर्थिक अपराध इकाई ने एक साथ 4 जिलों में इंजीनियर के 5 ठिकानों पर तलाशी ली। मुजफ्फरपुर के फ्लैट से 50 लाख रुपये नकद मिले हैं।
पटना, 8 अक्टूबर। बिहार में आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में योजना एवं विकास विभाग के कार्यपालक अभियंता नारद कुमार दास के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ईओयू की अलग-अलग टीमों ने गुरुवार सुबह पटना, मुजफ्फरपुर, भागलपुर और मुंगेर स्थित उनके 5 ठिकानों पर एक साथ तलाशी शुरू की। मुजफ्फरपुर स्थित फ्लैट से 50 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
83.53 लाख रुपये की आय से अधिक संपत्ति का आरोप
ईओयू के मुताबिक, प्राथमिक जांच में नारद कुमार दास के पास उनकी ज्ञात आय के वैध स्रोतों से 83 लाख 53 हजार 200 रुपये अधिक की संपत्ति होने के साक्ष्य मिले हैं। यह राशि उनकी ज्ञात आय से करीब 64.93% अधिक बताई गई है। इस मामले में ईओयू थाना कांड संख्या 28/26 के तहत 7 अक्टूबर 2026 को मामला दर्ज किया गया था।
चार जिलों में पांच ठिकानों पर तलाशी
ईओयू ने विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से तलाशी वारंट हासिल करने के बाद यह कार्रवाई शुरू की। टीमों ने मुजफ्फरपुर के काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र स्थित राधिका अपार्टमेंट, भागलपुर के तिलकामांझी क्षेत्र, मुंगेर के ठिकानों और पटना के रूपसपुर इलाके में तलाशी ली। मुंगेर में उनके सरकारी कार्यालय की भी जांच की जा रही है।
तलाशी के दौरान टीम संपत्ति से जुड़े दस्तावेज, बैंक खाते, वित्तीय लेन-देन, निवेश और अन्य रिकॉर्ड खंगाल रही है। कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में की जा रही है।
नकदी मिलने के बाद बढ़ी हलचल
मुजफ्फरपुर स्थित फ्लैट से 50 लाख रुपये नकद मिलने के बाद जांच टीम ने नोटों की गिनती के लिए मशीन भी मंगाई। ईओयू का कहना है कि सभी ठिकानों पर तलाशी पूरी होने के बाद बरामद नकदी, दस्तावेज और अन्य संपत्तियों का विस्तृत ब्योरा सामने आएगा।
फिलहाल ईओयू की कार्रवाई जारी है और टीम आय से अधिक संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर रही है।

