एयरपोर्ट के पास बनी इस मस्जिद पर MMRDA का बड़ा एक्शन, हटाने का नोटिस; MIAL को भी चेतावनी

Thecity news
4 Min Read

टर्मिनल-2 के पास स्थित मस्जिद को प्राधिकरण ने अवैध घोषित किया है, जबकि मस्जिद पक्ष का दावा है कि निर्माण के लिए अनुमति ली गई थी।

मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 के पास बनी एक मस्जिद को लेकर विवाद गहरा गया है। मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) ने मस्जिद को अवैध घोषित करते हुए इसे हटाने का निर्देश दिया है। मस्जिद के गेट पर इस संबंध में नोटिस भी चिपकाया गया है। प्राधिकरण ने मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (एमआईएएल) को कार्रवाई करने के लिए कहा है और ऐसा नहीं करने पर उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

यह मस्जिद एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 के पास अराइवल गेट और टैक्सी पार्किंग क्षेत्र के नजदीक स्थित है।

किरीट सोमैया ने उठाया था निर्माण पर सवाल

बीजेपी नेता किरीट सोमैया लंबे समय से इस मस्जिद के निर्माण का विरोध कर रहे हैं। उनका आरोप है कि करीब 5,000 वर्ग फुट सरकारी जमीन पर बिना अनुमति मस्जिद बनाई गई है। उन्होंने इस स्थान को संवेदनशील सुरक्षा क्षेत्र बताते हुए इसे सुरक्षा के लिए खतरा बताया है।

सोमैया का दावा है कि वर्ष 2014 से पहले यहां कोई निर्माण नहीं था। इसके बाद टिन शेड का ढांचा खड़ा कर जमीन पर कब्जा किया गया। उन्होंने मस्जिद हटाने के साथ ही निर्माण के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

MMRDA ने MIAL को दिया हटाने का निर्देश

एमएमआरडीए के मुताबिक, ‘अशबुल जन्नत एयरपोर्ट चैरिटेबल ट्रस्ट’ की ओर से जमा कराए गए दस्तावेज पर्याप्त नहीं पाए गए हैं। इसी आधार पर प्राधिकरण ने एमआईएएल को मस्जिद हटाने का निर्देश दिया है। आदेश में कहा गया है कि यदि एमआईएएल कार्रवाई नहीं करता है तो उसके खिलाफ भी कानूनी कदम उठाए जा सकते हैं।

किरीट सोमैया ने दावा किया है कि मस्जिद को एक सप्ताह के भीतर हटाया जाएगा और इसके निर्माण के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होगी। हालांकि, फिलहाल मौके पर कोई तोड़फोड़ नहीं हुई है और केवल नोटिस लगाया गया है।

मस्जिद पक्ष और AIMIM ने किया विरोध

दूसरी ओर, मस्जिद पक्ष और एआईएमआईएम ने सोमैया के आरोपों का विरोध किया है। मस्जिद पक्ष का कहना है कि निर्माण कार्य के लिए जरूरी अनुमति ली गई थी और उस समय जीवीके तथा एयरपोर्ट अधिकारियों को इसकी जानकारी थी। इसके समर्थन में 2015 के एक पत्र का हवाला दिया गया है, जिसमें प्रार्थना स्थल का उल्लेख होने का दावा किया गया है।

एआईएमआईएम नेता वारिस पठान ने भी सोमैया के विरोध पर आपत्ति जताई है। उन्होंने इसे गुंडागर्दी बताते हुए सोमैया के खिलाफ ही एफआईआर दर्ज करने की मांग की। पठान का यह भी कहना है कि मामला फिलहाल हाईकोर्ट में लंबित है।

कार्रवाई को लेकर आमने-सामने पक्ष

एमएमआरडीए के आदेश के बाद आगे की कार्रवाई की जिम्मेदारी एमआईएएल पर है। इस विवाद पर विपक्ष ने आरोप लगाया है कि बीजेपी सरकार मुसलमानों को निशाना बना रही है। वहीं, सरकार का कहना है कि अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, चाहे उसके पीछे कोई भी हो।

Share This Article