राजस्थान के कोटा में खड़े ट्रक से क्रूजर टकराने पर नौ लोगों की जान गई, जबकि गुजरात के कच्छ में सेना के जवानों के परिवार के सात सदस्य मारे गए।
रविवार की सुबह दो अलग-अलग सड़क हादसों की दर्दनाक खबरों के साथ हुई। राजस्थान और गुजरात में हुए इन हादसों में कुल 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हैं। कोटा में जान गंवाने वाले सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य थे। वहीं, गुजरात के कच्छ में सेना के जवानों के परिवारों के सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन महीने की एक नवजात बच्ची भी शामिल है।
कोटा में ट्रक से टकराई क्रूजर, एक ही परिवार के नौ लोगों की मौत
राजस्थान के कोटा-उदयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शंभूपुरा के पास रविवार तड़के तेज रफ्तार क्रूजर वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया। इस भीषण हादसे में एक ही परिवार के कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए।
कोटा शहर की पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम अन्य अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और वाहन में फंसे लोगों को निकालने के अभियान की निगरानी की। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, क्रूजर चालक को वाहन चलाते समय झपकी आ गई थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
खाटू श्यामजी के दर्शन कर लौट रहा था परिवार
हादसे का शिकार हुए सभी लोग महाराष्ट्र के धुले जिले के रहने वाले थे। वे खाटू श्यामजी के दर्शन करने के बाद वापस लौट रहे थे। पुलिस के मुताबिक, क्रूजर में बच्चों समेत परिवार के 16 सदस्य सवार थे।
ट्रक चालक हारून ने बताया कि वाहन में खराबी आने के कारण उसने ट्रक सड़क किनारे खड़ा किया था और खुद उससे कुछ दूरी पर था। इसी दौरान तेज रफ्तार क्रूजर ने ट्रक को टक्कर मार दी। टक्कर के कारण वह सड़क से करीब 20 फुट दूर जा गिरा। करीब 10 मिनट बाद होश आने पर उसने पुलिस और एम्बुलेंस को फोन किया। हादसे में उसके घुटनों और सिर में भी चोट आई है।
घायलों को न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कच्छ में सेना के जवानों के परिवार के सात लोगों की मौत
गुजरात के कच्छ जिले में एक राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। शनिवार रात करीब 10 बजे हुए इस हादसे में कार सवार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। ये सभी भुज में तैनात सेना के जवानों के परिवारों के सदस्य थे और उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के रहने वाले थे।
कच्छ पश्चिम पुलिस नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी के मुताबिक, परिवार कच्छ का रण घूमने के बाद भुज लौट रहा था। इसी दौरान उनकी कार ट्रक की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार दो हिस्सों में बंट गई और उसमें सवार सभी लोगों की जान चली गई।
तीन महीने की बच्ची समेत सात लोगों ने गंवाई जान
मृतकों में तीन बच्चे शामिल हैं। इनमें तीन महीने की बच्ची शिविका भी थी। दुर्घटना के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त कार से शवों को निकालने में कई घंटे लग गए।
मृतकों की पहचान सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता (30), उनकी तीन महीने की बेटी शिविका, राजेश सिंह रावत (35), उनकी सात वर्षीय बेटी रक्षिता, रिंकी गोसाईं (30) और उनकी चार वर्षीय बेटी वामिका के रूप में हुई है।

