देश आज आजादी की 80वीं वर्षगांठ मना रहा है। कश्मीर से कन्याकुमारी तक स्वतंत्रता दिवस का उत्सव मनाया जा रहा है। आजादी की 80वीं वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से देश को संबोधित किया। अपनी स्पीच में उन्होंने देश की इकोनॉमी, एआई, इंटरनेट यूजर्स और कॉन्सर्ट इकोनॉमी जैसे मुद्दों पर जोर दिया। पीएम मोदी ने मनोरंजन और क्रिएटिव इंडस्ट्री को भारत की सॉफ्ट पावर के तौर पर मजबूत करने की बात भी कही।
क्या बोले पीएम मोदी
लाल किले से देश को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कॉन्सर्ट इकोनॉमी पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत दुनियाभर में तेजी से आगे बढ़ रहा है और आज दुनिया का हर कलाकार भारत में परफॉर्म करना चाहता है।
पीएम ने कहा कि सप्त धारा की सातवीं ताकत भारत की सॉफ्ट पावर है। आज योग ने दुनिया को भारत से जोड़ा है। हमारा आयुर्वेद, होलिस्टिक हेल्थकेयर, हस्तशिल्प, संस्कृति, फिल्में, एनिमेशन, गेमिंग और डिजिटल कंटेंट दुनिया में पहचान बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत के वेव्स समिट का भी दुनिया इंतजार कर रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के पास 100 से ज्यादा राष्ट्रीय उद्यान हैं और सॉफ्ट पावर की ताकत के जरिए विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने का बड़ा अवसर है।
फिल्मों और क्रिएटिव इंडस्ट्री पर भी जोर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने स्वतंत्रता दिवस भाषण में अलग-अलग मंचों पर मनोरंजन और क्रिएटिव इंडस्ट्री के जरिए भारत की सॉफ्ट पावर बढ़ाने की बात कही। उन्होंने फिल्मों, वीएफएक्स, एनिमेशन, गेमिंग और डिजिटल कंटेंट को वैश्विक स्तर पर भारत की ताकत बनाने पर जोर दिया।
पहले भी कॉन्सर्ट इकोनॉमी का कर चुके हैं जिक्र
इससे पहले भी प्रधानमंत्री मोदी भारत में लाइव कॉन्सर्ट को लेकर बात कर चुके हैं। उन्होंने अहमदाबाद और मुंबई में ब्रिटिश बैंड कोल्डप्ले के कॉन्सर्ट का जिक्र करते हुए कहा था कि भारत में लाइव कॉन्सर्ट के लिए काफी संभावनाएं हैं और यह क्षेत्र तेजी से बढ़ रहा है।

