अजीत अगरकर की विदाई, प्रज्ञान ओझा को मिली टीम इंडिया के चीफ सेलेक्टर की जिम्मेदारी

Thecity news
3 Min Read

अगरकर का बीसीसीआई के साथ करार 4 अक्टूबर को खत्म होगा, तब तक प्रज्ञान ओझा अंतरिम चीफ सेलेक्टर के तौर पर काम संभालेंगे।

अजीत अगरकर का बतौर टीम इंडिया चीफ सेलेक्टर कार्यकाल खत्म होने जा रहा है। उनकी जगह पूर्व भारतीय क्रिकेटर प्रज्ञान ओझा को अंतरिम चीफ सेलेक्टर की जिम्मेदारी दी गई है। ओझा तब तक इस पद पर रहेंगे, जब तक अगरकर के स्थायी विकल्प का चयन नहीं हो जाता।

अगरकर का बीसीसीआई के साथ अनुबंध 4 अक्टूबर को समाप्त होने वाला है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूर्व भारतीय क्रिकेटर पार्थिव पटेल को स्थायी चीफ सेलेक्टर बनाए जाने की चर्चा है। हालांकि, प्रज्ञान ओझा के इस पद पर बने रहने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।

गुवाहाटी में हुई सेलेक्टर्स की बैठक

टीम इंडिया के चारों सेलेक्टर फिलहाल गुवाहाटी में हैं। मंगलवार को हुई बैठक में न्यूजीलैंड दौरे के लिए संभावित खिलाड़ियों के चयन पर चर्चा की गई। रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रज्ञान ओझा ने इस बैठक की अध्यक्षता की।

40 वर्षीय ओझा ने भारत के लिए 24 टेस्ट मैचों में 113 विकेट लिए हैं। उन्होंने 18 वनडे में 21 विकेट और 6 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 10 विकेट हासिल किए हैं।

सचिन तेंदुलकर के आखिरी मैच में किया था कमाल

प्रज्ञान ओझा ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 16 नवंबर 2013 को वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला था। यह सचिन तेंदुलकर का भी आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच था। ओझा उस मुकाबले में प्लेयर ऑफ द मैच रहे थे और उन्होंने 10 विकेट हासिल किए थे।

इसके बाद उन्हें दोबारा भारतीय टीम में जगह नहीं मिली। अब वही पूर्व भारतीय स्पिनर टीम इंडिया के खिलाड़ियों के चयन की जिम्मेदारी संभालेंगे।

अगरकर के कार्यकाल में भारत ने जीतीं बड़ी ट्रॉफियां

अजीत अगरकर 2023 में टीम इंडिया के चीफ सेलेक्टर बने थे। उनके कार्यकाल के दौरान भारतीय टीम ने 2024 टी20 विश्व कप और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जीती। इसके अलावा भारत ने 2023 और 2025 में एशिया कप में भी खिताब अपने नाम किया।

उनके कार्यकाल में भारतीय टीम 2023 वनडे विश्व कप के फाइनल तक पहुंची और 2023 एशियन गेम्स में भी भारत ने स्वर्ण पदक जीता। इसी दौरान रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गजों ने टी20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया।

Share This Article