कौमी इंसाफ मोर्चा ने सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक बंद का आह्वान किया, कई सिख संगठनों ने समर्थन किया; जालंधर में धरना और अमृतसर में सुरक्षा बढ़ाई गई
सिख कैदियों की रिहाई की मांग को लेकर कौमी इंसाफ मोर्चा ने शुक्रवार को पंजाब बंद का आह्वान किया है। बंद सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक रहेगा। इसे देखते हुए पंजाब के कई इलाकों में पुलिस बल तैनात किया गया है। कई सिख संगठनों ने भी बंद का समर्थन किया है।
बंद के दौरान जालंधर में कौमी इंसाफ मोर्चा ने गुरु नानक मिशन चौक के बीचों-बीच धरना दिया। अमृतसर में भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पंजाब के कई हिस्सों में सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है और बंद के आह्वान का असर अलग-अलग इलाकों में देखने को मिल रहा है।
कई शिक्षण संस्थान भी बंद
पंजाब में कई शिक्षण संस्थान शुक्रवार को बंद हैं। हालांकि राज्य सरकार की ओर से बंद को लेकर कोई औपचारिक आदेश जारी नहीं किया गया है, लेकिन कई स्कूलों और कॉलेजों ने अपने स्तर पर संस्थान बंद रखने का फैसला किया है।
राज्य के 7,500 से अधिक निजी स्कूलों का प्रतिनिधित्व करने वाले फेडरेशन ऑफ प्राइवेट स्कूल्स एंड एसोसिएशन ऑफ पंजाब ने भी 21 अगस्त को सभी स्कूलों में छुट्टी की घोषणा की है।
तीन साल से मोहाली में चल रहा धरना
कौमी इंसाफ मोर्चा पिछले तीन वर्षों से मोहाली में उन सिख कैदियों की रिहाई की मांग को लेकर धरना दे रहा है, जो दशकों से जेल में बंद हैं। जिन सिख कैदियों की रिहाई की मांग की जा रही है, उनमें से अधिकांश पर आतंकी मामलों के आरोप थे और उन्हें सजा सुनाई गई थी।
मोर्चे की ओर से इन कैदियों को ‘बंदी सिंह’ कहा जाता है और उनकी रिहाई की मांग को लेकर लंबे समय से आंदोलन किया जा रहा है।
पंजाब यूनिवर्सिटी ने परीक्षाएं टालीं
पंजाब बंद के कारण छात्रों को होने वाली परेशानी को देखते हुए पंजाब यूनिवर्सिटी ने 21 अगस्त को होने वाली परीक्षाओं का समय बदल दिया है। शुक्रवार को आयोजित होने वाली परीक्षाएं अब 10 सितंबर को होंगी।
बंद के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की ओर से संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रशासन की नजर सड़क यातायात और प्रदर्शन वाले इलाकों पर बनी हुई है।

