डीपीएल में पप्पू यादव के बेटे का बल्ला गरजा, लगातार 5वीं फिफ्टी जड़ी

Thecity news
3 Min Read

दिल्ली प्रीमियर लीग में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स के कप्तान सार्थक रंजन का बल्ला जमकर बोल रहा है। 13 अगस्त को पुरानी दिल्ली के खिलाफ मुकाबले में सलामी बल्लेबाज सार्थक रंजन ने 37 गेंदों पर 59 रन बनाए। उनकी पारी में 7 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। मौजूदा डीपीएल सीजन में सार्थक की यह लगातार पांचवीं फिफ्टी रही।

सार्थक रंजन पूर्णिया से लोकसभा सांसद पप्पू यादव के बेटे हैं। उनकी मां रंजीत रंजन भी राज्यसभा सांसद हैं।

पांच मैचों में 340 रन

सार्थक रंजन ने डीपीएल 2026 में अब तक 64, 95, 65, 57 और 59 रन की पारियां खेली हैं। यानी वह पांच मैचों में 340 रन बना चुके हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 170.85 और औसत 68.00 रहा है। सार्थक के नाम 21 छक्के और 32 चौके हैं।

डीपीएल 2026 में सार्थक से ज्यादा रन सेंट्रल दिल्ली किंग्स के कप्तान यश ढुल ने बनाए हैं। ढुल ने सार्थक की तुलना में दो मैच ज्यादा खेले हैं। उनके नाम 7 मैचों में 56.83 के औसत से 341 रन दर्ज हैं।

टीम को नहीं दिला सके जीत

पुरानी दिल्ली के खिलाफ सार्थक रंजन की तूफानी पारी हालांकि टीम के काम नहीं आई। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पुरानी दिल्ली ने 4 विकेट से जीत हासिल की।

नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 186 रन बनाए। सार्थक रंजन और यश भाटिया ने 59-59 रन बनाए, जबकि यश डबास ने 22 गेंदों पर 36 रन की तेज पारी खेली। पुरानी दिल्ली की ओर से अजय अहलावत और पंकज जसवाल ने 2-2 विकेट लिए।

तीन गेंद बाकी रहते जीती पुरानी दिल्ली

पुरानी दिल्ली ने 3 गेंद बाकी रहते 187 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया। ललित यादव ने 41 गेंदों पर 64 रन बनाए, जिसमें 4 छक्के और 2 चौके शामिल रहे। अश्विनी छिल्लर ने 35 गेंदों पर 45 रन की पारी खेली।

रोहन राठी ने 5 गेंदों पर 17 और पंकज जसवाल ने 2 गेंदों पर 12 रन बनाकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की ओर से अजय यादव और विकास दीक्षित ने 2-2 विकेट हासिल किए।

Share This Article