सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में केरल के बल्लेबाजों ने हिमाचल प्रदेश के खिलाफ जमकर रन बरसाए, अब टूर्नामेंट के अगले दौर पर नजरें टिकी हैं।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बल्लेबाजों का तूफानी प्रदर्शन जारी है। गुरुवार को केरल और हिमाचल प्रदेश के बीच खेले गए मुकाबले में मोहम्मद अजहरुद्दीन ने शानदार शतक जड़ा, जबकि कप्तान संजू सैमसन ने भी तेजतर्रार पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों के अलावा टीम के अन्य खिलाड़ियों ने भी तेजी से रन बनाए, जिसकी बदौलत केरल ने 20 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 268 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
मोहम्मद अजहरुद्दीन का शतक, संजू ने 21 गेंदों में बनाए 44 रन
केरल की ओर से पारी की शुरुआत करने उतरे मोहम्मद अजहरुद्दीन ने 57 गेंदों पर 101 रन बनाए। उनकी पारी में आठ चौके और छह छक्के शामिल रहे। वहीं, तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए कप्तान संजू सैमसन ने सिर्फ 21 गेंदों पर 44 रन ठोक दिए। उन्होंने पांच चौके और दो छक्के लगाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 209.52 रहा।
विष्णु विनोद और अब्दुल बासित ने भी बरसाए रन
केरल के लिए विष्णु विनोद ने 11 गेंदों पर 22 रन और सलमान नजीर ने 15 गेंदों पर 26 रन की पारी खेली। निचले क्रम में बल्लेबाजी करने आए अब्दुल बासित ने महज पांच गेंदों पर 24 रन बना दिए। उन्होंने अपनी पारी में एक चौका और तीन छक्के लगाए। इन पारियों की बदौलत केरल ने निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट पर 268 रन बनाए।
मुंबई ने उत्तराखंड को 86 रन से हराया
एक अन्य मुकाबले में मुंबई ने उत्तराखंड के खिलाफ 86 रन से जीत दर्ज की। इस मैच में मुंबई के कप्तान सूर्यकुमार यादव सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो गए, जबकि शिवम दुबे गोल्डन डक का शिकार बने।
हालांकि, मुशीर खान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंदों पर 65 रन बनाए और मुंबई का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाने में अहम योगदान दिया। इसके बाद मुंबई ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।
6 दिसंबर को खेला जाएगा फाइनल
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का लीग चरण गुरुवार को समाप्त हो रहा है। इसके बाद 30 नवंबर से सुपर लीग के मुकाबले खेले जाएंगे। टूर्नामेंट का फाइनल 6 दिसंबर को आयोजित होगा। अब सभी की नजरें अगले दौर में पहुंचने वाली टीमों और खिताबी मुकाबले पर रहेंगी।

