संविधान दिवस पर प्रकाशित लेख में प्रधानमंत्री ने विपक्ष की नीतियों पर सवाल उठाए और कांग्रेस के पुराने शासनकाल का भी जिक्र किया।
संविधान दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के आरक्षण में कटौती करके मुसलमानों को आरक्षण देना चाहती है। प्रधानमंत्री ने इसे संविधान निर्माताओं की मूल भावना के खिलाफ बताया और कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर समेत संविधान सभा के सदस्य इस तरह की व्यवस्था के पक्ष में नहीं थे।
प्रधानमंत्री ने 26 नवंबर को अपनी वेबसाइट पर प्रकाशित एक विशेष लेख में ये बातें कहीं। उन्होंने किसी राजनीतिक दल का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके निशाने पर कांग्रेस को माना जा रहा है। लेख में संविधान के निर्माण, उसकी मूल भावना और पिछले कुछ दशकों के राजनीतिक घटनाक्रमों का जिक्र करते हुए उन्होंने विपक्ष की भूमिका पर सवाल उठाए।
विपक्ष को बताया ‘अवरोध पक्ष’
प्रधानमंत्री मोदी ने संसद में विपक्ष के रवैये की आलोचना करते हुए कहा कि विपक्ष अब ‘विरोध पक्ष’ की जगह ‘अवरोध पक्ष’ बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की जिम्मेदारी केवल सरकार का विरोध करना नहीं, बल्कि संवैधानिक प्रक्रियाओं और संस्थाओं को मजबूत बनाने में सहयोग करना भी है।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी प्रधानमंत्री ने विपक्ष को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी राजनीतिक दल के विरोध के कारण महिला आरक्षण से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक पारित नहीं हो सका। प्रधानमंत्री ने इसे महिलाओं को उनका अधिकार देने की दिशा में बाधा और संवैधानिक मूल्यों के प्रति अनादर बताया।
कांग्रेस के पुराने शासनकाल पर भी उठाए सवाल
अपने लेख में प्रधानमंत्री ने कांग्रेस के लंबे शासनकाल का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि सत्ता में रहते हुए संविधान की मूल भावना को कमजोर किया गया। उन्होंने 1951 के पहले संविधान संशोधन और आपातकाल के दौरान किए गए 42वें संविधान संशोधन का जिक्र किया।
इसके अलावा उन्होंने युवाओं से 38वें और 39वें संविधान संशोधनों का अध्ययन करने की अपील की। प्रधानमंत्री ने संविधान के अनुच्छेद 356 के इस्तेमाल पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों ने इस प्रावधान का इस्तेमाल करके कई बार चुनी हुई राज्य सरकारों को बर्खास्त किया। उनके मुताबिक, एक पार्टी ने करीब 100 बार इसका इस्तेमाल किया।
सरकारी योजनाओं को सामाजिक न्याय से जोड़ा
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने लेख में केंद्र सरकार की योजनाओं को सामाजिक और आर्थिक न्याय की दिशा में उठाए गए कदमों के रूप में पेश किया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और आयुष्मान भारत का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों से गरीब और वंचित वर्गों के जीवन में बदलाव आया है।
उन्होंने अनुच्छेद 370 और 35ए का भी जिक्र किया। प्रधानमंत्री के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर में लंबे समय तक लोगों को कई संवैधानिक अधिकारों का लाभ नहीं मिल पाया।
इसके अलावा उन्होंने माओवाद के खिलाफ मिली सफलता को आदिवासी समुदायों के लिए महत्वपूर्ण बताया। उनका कहना था कि अब ये समुदाय अधिक सुरक्षा के साथ अपने संवैधानिक अधिकारों का इस्तेमाल कर सकते हैं।

