दुबई। संयुक्त अरब अमीरात के दुबई में शुक्रवार को एयर शो के दौरान भारतीय तेजस लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा दुबई वर्ल्ड सेंट्रल स्थित अल-मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दोपहर 2:10 बजे हुआ। दुर्घटना में तेजस विमान के पायलट की मौत हो गई है।
तेजस विमान हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) द्वारा दर्शकों के लिए उड़ान प्रदर्शन कर रहा था, तभी अचानक जमीन से टकरा गया और मौके पर घना धुआं फैल गया। घटना के तुरंत बाद जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
भारतीय वायुसेना ने हादसे की पुष्टि की
एक भारतीय वायुसेना अधिकारी ने बयान जारी करते हुए कहा—
“दुबई एयर शो में आज हवाई प्रदर्शन के दौरान तेजस विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वायुसेना पायलट के शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी है। दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी गठित की गई है।”
हादसे के समय एयर शो में महिलाएं और बच्चों सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। वीडियो में दिखा कि तेजस हवा से तेजी से नीचे आया और आग की लपटों में घिर गया।
तेजस विमान के साथ इस साल दूसरी घटना
यह तेजस विमान से जुड़ी इस साल दूसरी दुर्घटना है। पिछले साल मार्च में राजस्थान के जैसलमेर के पास भी एक तेजस विमान क्रैश हुआ था, लेकिन उस घटना में पायलट सुरक्षित बच गया था।
दुबई इस सप्ताह द्विवार्षिक दुबई एयर शो की मेजबानी कर रहा था, जिसमें कई अंतरराष्ट्रीय एयरोस्पेस कंपनियां और बड़ी एयरलाइंस शामिल हुईं।
तेजस—भारत का पहला स्वदेशी लड़ाकू विमान
तेजस भारत का पहला स्वदेशी हल्का लड़ाकू विमान है, जिसे एयरोनॉटिकल डेवलपमेंट एजेंसी (ADA) ने डिजाइन किया है और HAL इसका निर्माण करती है।
मुख्य विशेषताएं—
- भारतीय वायुसेना वर्तमान में Tejas MK-1 का उपयोग कर रही है
- जल्द ही MK-1A संस्करण की सप्लाई मिलने वाली है
- तेजस का AESA रडार कई लक्ष्यों को एक साथ ट्रैक कर सकता है
- इसमें आधुनिक एवियोनिक्स और सटीक स्ट्राइक क्षमता है
तेजस भारत की स्वदेशी रक्षा तकनीक का महत्वपूर्ण स्तंभ माना जाता है।

