सीट बंटवारे की खींचतान पर मुख्यमंत्री ने दोनों दलों को घेरा, कहा- एक तरफ बैठकें हो रही हैं और दूसरी ओर उम्मीदवार घोषित किए जा रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पहले दो लड़कों की यह जोड़ी चुनाव नतीजे आने के बाद विफल होती थी, लेकिन इस बार चुनाव से पहले ही नाकाम हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक तरफ गठबंधन को लेकर बैठकें हो रही हैं, वहीं दूसरी ओर प्रत्याशी घोषित किए जा रहे हैं। इससे बड़ा अपमान क्या होगा?
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ में एक सम्मेलन के दौरान ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियों के बीच एक-दूसरे को शह और मात देने की राजनीति चल रही है। देश के सबसे पुराने राजनीतिक दल कांग्रेस की ऐसी स्थिति उसकी नकारात्मक सोच का नतीजा है। जनता बार-बार इन पार्टियों को खारिज कर रही है।
सपा ने कांग्रेस को किया अपमानित: योगी
सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर जारी खींचतान पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गठबंधन के अपने धर्म, नियम, मान्यताएं और शिष्टाचार होते हैं। लेकिन दोनों पार्टियों के बीच जिस तरह की स्थिति दिखाई दे रही है, उससे उनके आपसी तालमेल पर सवाल खड़े होते हैं।
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि इनकी हालत ऐसी हो गई है कि एक तरफ अपमानित हो रहे हैं और दूसरी तरफ उसी स्थिति को सामान्य बताने की कोशिश कर रहे हैं।
वहीं, एनडीए में सीट बंटवारे और सहयोगी दलों के बीच कथित मतभेदों पर योगी ने कहा कि निषाद पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी समेत सभी सहयोगी दल एनडीए का हिस्सा हैं। सभी पार्टियां मिलकर चुनाव लड़ेंगी और गठबंधन में किसी तरह का विवाद नहीं है।
‘सपा को रामभक्तों से माफी मांगनी चाहिए’
अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे और समाजवादी पार्टी की सनातन को लेकर बदली राजनीतिक भाषा पर भी मुख्यमंत्री योगी ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि दो नावों की सवारी हमेशा खतरनाक होती है।
योगी ने कहा कि अयोध्या जाना अच्छी बात है, लेकिन समाजवादी पार्टी को रामभक्तों से माफी भी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर 90 के दशक में ही सपा को यह सद्बुद्धि आ गई होती तो रामभक्तों पर गोली चलाने की नौबत नहीं आती।

