मुंबई महानगर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महाराष्ट्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट इंफ्रास्ट्रक्चर कमिटी की बैठक में ठाणे के घोड़बंदर रोड पर गायमुख से फाउंटेन होटल तक टनल और फाउंटेन होटल से भाईंदर तक एलिवेटेड ब्रिज परियोजना को मंजूरी दे दी गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूरा होने के बाद ठाणे-घोड़बंदर रोड पर ट्रैफिक जाम की समस्या काफी हद तक कम होने की उम्मीद है।
22,611 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मिली मंजूरी
मंत्रालय में आयोजित बैठक में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, सुनेत्रा अजित पवार, राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, चिकित्सा शिक्षा मंत्री हसन मुश्रीफ, उद्योग मंत्री डॉ. उदय सामंत, मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में कुल 22,611 करोड़ रुपये के विभिन्न बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की गई।
5.86 किमी लंबी टनल और 9.58 किमी का एलिवेटेड ब्रिज बनेगा
मंजूर परियोजना के तहत घोड़बंदर रोड पर गायमुख और फाउंटेन होटल के बीच 5.86 किलोमीटर लंबी छह लेन की टनल बनाई जाएगी। वहीं फाउंटेन होटल से भाईंदर तक 9.58 किलोमीटर लंबा छह लेन का एलिवेटेड ब्रिज तैयार किया जाएगा। यह टनल अत्याधुनिक टीबीएम (टनल बोरिंग मशीन) तकनीक से बनाई जाएगी, जिसका व्यास 14 मीटर होगा।
पश्चिम मुंबई से ठाणे और नाशिक की कनेक्टिविटी होगी बेहतर
परियोजना के पूरा होने के बाद पश्चिम मुंबई की कनेक्टिविटी ठाणे, कल्याण-डोंबिवली, नाशिक, पनवेल और नेशनल हाईवे-48 से और अधिक तेज एवं सुगम हो जाएगी। वसई खाड़ी के समानांतर बनने वाले एलिवेटेड ब्रिज पर वाहन 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकेंगे। इससे गुजरात की ओर जाने वाले भारी वाहनों और अन्य ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा।
पीपीपी मॉडल पर बनेगा प्रोजेक्ट
यह परियोजना ‘बिल्ड-ऑपरेट-ट्रांसफर’ (BOT) मॉडल के तहत पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) के आधार पर विकसित की जाएगी। परियोजना के लिए आवश्यक ‘वायबिलिटी गैप फंडिंग’ केंद्र और राज्य सरकार संयुक्त रूप से उपलब्ध कराएंगी। सरकार का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में टनल और एलिवेटेड ब्रिज का निर्माण पूरा करना है।
नवी मुंबई मेट्रो विस्तार को भी हरी झंडी
कैबिनेट इंफ्रास्ट्रक्चर कमिटी ने सिडको की नवी मुंबई मेट्रो विस्तार परियोजना को भी मंजूरी दे दी है। इसके तहत मेट्रो रूट 1A को सागर संगम से सीबीडी बेलापुर तक और मेट्रो रूट 2 को पेंढर से नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट टर्मिनल-4 तक विस्तारित किया जाएगा।
12 लाख यात्रियों को मिलेगा लाभ
मेट्रो विस्तार परियोजना के बाद सागर संगम से नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक करीब 28 किलोमीटर लंबा सतत मेट्रो कॉरिडोर तैयार होगा। रूट 1A पर दो नए स्टेशन और रूट 2 पर 11 नए स्टेशन बनाए जाएंगे। सरकार के अनुसार इस परियोजना से प्रतिदिन लगभग 12 लाख यात्रियों को बेहतर और तेज सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलेगी।

