क्लाइव रोड पर मामूली कहासुनी ने लिया हिंसक रूप, पायधुनी पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार; महानगर में बढ़ती असहिष्णुता पर उठे सवाल
मुंबई के मस्जिद बंदर इलाके में सोमवार दोपहर एक मामूली विवाद ने भयावह रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, 39 वर्षीय विपुल कर्मकार अपने मोबाइल फोन पर वीडियो कॉल के जरिए ऊंची आवाज में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान पास में मौजूद 19 वर्षीय युवक इब्राहिम कालू शेख ने उन्हें धीमी आवाज में बात करने को कहा। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
घटना क्लाइव रोड पर दोपहर करीब 1:30 बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बहस के दौरान आरोपी का गुस्सा इतना बढ़ गया कि उसने पास में पड़े लकड़ी के डंडे और लात-घूंसों से विपुल कर्मकार पर हमला कर दिया। हमले में विपुल गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें जमीन पर पटक दिया गया, जिससे उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल विपुल को जेजे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पायधुनी पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर जांच शुरू की और बुधवार शाम आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और घटना के पीछे के संभावित कारणों की जांच कर रही है।

