गाजीपुर/आजमगढ़/जौनपुर। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की वाराणसी यूनिट ने यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान बड़े नकल गिरोह का खुलासा करते हुए गाजीपुर में एक प्रधानाचार्य सहित कई लोगों को गिरफ्तार किया है।
गाजीपुर: दूसरे की जगह परीक्षा दे रहा था छात्र, प्रधानाचार्य भी गिरफ्तार
एसटीएफ वाराणसी यूनिट के निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने पहली पाली में गाजीपुर के करूवी बहलोलपुर स्थित भगेलू दास इंटर कॉलेज में छापेमारी की।
जांच के दौरान कक्षा संख्या 12 में शुभम यादव की जगह शिवम यादव (निवासी सरायलखंसी, मऊ) परीक्षा देते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से दो मोबाइल फोन, हाईस्कूल अंग्रेजी का प्रश्नपत्र, उत्तर पुस्तिका, ओएमआर शीट और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए।
पूछताछ के बाद पुलिस टीम ने कॉलेज के प्रधानाचार्य विंध्याचल यादव (निवासी करूवी बहलोलपुर) को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि प्रधानाचार्य ने नकल कराने के एवज में 40 हजार रुपये लिए थे।
आजमगढ़: फर्जी परीक्षार्थी गिरफ्तार
इसी तरह आजमगढ़ के उद्योग विद्यालय इंटर कॉलेज में हाईस्कूल अंग्रेजी की परीक्षा के दौरान आशीष कुमार की जगह परीक्षा दे रहे पंकज को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
जौनपुर: इंटर कॉलेज में भी नकल का मामला
जौनपुर के नरेंद्र बहादुर सिंह इंटर कॉलेज में मनीष यादव की जगह परीक्षा दे रहे साहस यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
शिक्षक और केंद्र व्यवस्थापक पर भी एफआईआर
यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान प्रयागराज में भी नकल कराने का मामला सामने आया है। कड़ेदीन सिंह स्मारक इंटर कॉलेज में द्वितीय पाली की इंटर गणित और जीव विज्ञान परीक्षा के दौरान औचक निरीक्षण में कक्ष निरीक्षक वेद व्यास मिश्र नकल कराते पकड़े गए।
बताया गया कि वे प्रश्नों के उत्तर लिखकर परीक्षार्थियों को बोल-बोलकर लिखवा रहे थे। इस मामले में वेद व्यास मिश्र और परीक्षा केंद्र व्यवस्थापक बृजराज के खिलाफ थाना मऊआइमा में उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम 2024 के तहत एफआईआर दर्ज करने की तहरीर दी गई है।
जिला विद्यालय निरीक्षक पीएन सिंह ने बताया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
प्रदेश भर में यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान लगातार छापेमारी और निगरानी की जा रही है, जिससे नकल माफिया पर शिकंजा कसता जा रहा है।

