मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना के तहत मार्च 2026 तक 5000 युवाओं को इंटर्नशिप का लक्ष्य, अब तक सिर्फ 854 ने ही शुरू किया काम
बिहार में युवाओं को कौशल और रोजगार से जोड़ने के लिए चलाई जा रही इंटर्नशिप योजना को उम्मीद के मुताबिक प्रतिक्रिया नहीं मिल रही है। दूसरे राज्यों की कंपनियों में इंटर्नशिप के लिए चयन होने के बावजूद बड़ी संख्या में युवा अंतिम समय पर ऑफर ठुकरा दे रहे हैं। यही वजह है कि मार्च 2026 तक पांच हजार युवाओं को इंटर्नशिप दिलाने का लक्ष्य सरकार के लिए चुनौती बन गया है।
युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अनुसार अब तक केवल 854 युवक-युवतियों ने विभिन्न कंपनियों में इंटर्नशिप शुरू की है। जबकि अगले पांच वर्षों में राज्य के एक लाख युवाओं को इंटर्नशिप दिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विभाग के अधिकारी लगातार जिलों का दौरा कर युवाओं को मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना का लाभ उठाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
दो लाख से अधिक युवाओं ने कराया पंजीकरण
इस योजना के तहत राज्य के दो लाख से अधिक युवाओं ने संबंधित पोर्टल पर पंजीकरण कराया है। इनमें से करीब डेढ़ लाख युवाओं का प्रोफाइल भी तैयार किया जा चुका है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में युवा दूसरे राज्यों में जाकर इंटर्नशिप करने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार अब तक 117 कंपनियों ने करीब 12 हजार पदों के लिए युवाओं की मांग की है। इनमें से 11 हजार से अधिक पद दूसरे राज्यों में स्थापित कंपनियों से जुड़े हुए हैं। कंपनियों की ओर से 2380 युवाओं को ऑफर भेजा गया, जिनमें से 1400 से अधिक युवाओं ने ऑफर स्वीकार भी कर लिया था। हालांकि, जब इंटर्नशिप शुरू करने का समय आता है तो कई युवा जाने से मना कर देते हैं।
योजना में अलग-अलग योग्यता के अनुसार भत्ता
मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना के तहत 12वीं पास, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक और स्नातकोत्तर युवाओं को इंटर्नशिप का अवसर दिया जाता है। योजना के तहत 12वीं पास युवाओं को चार हजार रुपये प्रतिमाह, आईटीआई और डिप्लोमा धारकों को पांच हजार रुपये तथा स्नातक और स्नातकोत्तर युवाओं को छह हजार रुपये प्रतिमाह इंटर्नशिप भत्ता दिया जाता है।
इसके अलावा गृह जिले से बाहर इंटर्नशिप करने पर अतिरिक्त दो हजार रुपये और राज्य के बाहर स्थित कंपनियों में इंटर्नशिप करने पर पांच हजार रुपये अतिरिक्त प्रतिमाह दिए जाते हैं।
अधिकतर युवा सीधे नौकरी चाहते हैं
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि अधिकतर युवा सीधे नौकरी करना चाहते हैं और इंटर्नशिप के लिए तैयार नहीं होते। हालांकि कंपनियों ने यह भी आश्वासन दिया है कि इंटर्नशिप पूरी होने के बाद युवाओं को स्थायी नौकरी का अवसर दिया जा सकता है।
इसके बावजूद कई युवा इंटर्नशिप स्वीकार करने से पीछे हट रहे हैं। वहीं कुछ युवाओं ने यह सोचकर पंजीकरण कराया है कि उन्हें बिना काम किए ही भत्ता मिल जाएगा, जिससे योजना के क्रियान्वयन में भी कठिनाई आ रही है।

