महाराष्ट्र के Nashik में सामने आए हाई-प्रोफाइल सेक्स स्कैंडल और ठगी मामले में मुख्य आरोपी Ashok Kharat के परिवार पर पुलिस का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। एसआईटी की जांच में मंगलवार को बड़ा एक्शन लेते हुए खरात के बेटे हर्षवर्धन को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसकी पत्नी कल्पना फरार हो गई है।
शिरडी में धोखाधड़ी केस: गिरफ्तारी से पहले फरार हुई कल्पना
जांच एजेंसियों की टीम Shirdi में जमीन खरीद-फरोख्त से जुड़े धोखाधड़ी मामले में कल्पना को गिरफ्तार करने पहुंची थी। हालांकि, कार्रवाई से पहले ही वह फरार हो गई। सूत्रों के मुताबिक Pune और नासिक पुलिस की टीमें उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं।
इस मामले में कल्पना समेत पांच आरोपियों के खिलाफ फ्रॉड और मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई, 3 दिन की पुलिस कस्टडी
पुलिस ने इस केस में अरविंद बावके और किरण सोनवणे को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें 3 दिन की पुलिस रिमांड (PCR) पर भेज दिया गया।
मुख्य आरोपी अशोक खरात पहले ही पुलिस गिरफ्त में है और फिलहाल 1 अप्रैल तक पुलिस कस्टडी में रखा गया है।
जमीन सौदों में बड़ी ठगी का खुलासा
जांच में सामने आया है कि शिरडी क्षेत्र में जमीन खरीद-बिक्री के नाम पर बड़े स्तर पर धोखाधड़ी की गई। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों, जिनमें अशोक तांबे का नाम भी शामिल है, की तलाश में जुटी है।
वायरल वीडियो से पीड़ित परिवारों पर संकट
मामले में नया मोड़ तब आया जब अशोक खरात के कथित अश्लील वीडियो सोशल मीडिया और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हो गए।
इन वीडियो के सामने आने के बाद पीड़ित परिवारों को सामाजिक और मानसिक दबाव का सामना करना पड़ रहा है।
एक पीड़ित परिवार के सदस्य के अनुसार, स्थिति इतनी गंभीर है कि उन्हें काम पर जाना भी मुश्किल हो गया है और मजबूरी में वर्क फ्रॉम होम करना पड़ रहा है।
आईपीएस तेजस्वी सातपुते की अगुवाई में SIT की जांच तेज
इस पूरे मामले की जांच एसआईटी टीम Tejaswi Satpute के नेतृत्व में कर रही है।
खरात की पुलिस कस्टडी बुधवार को समाप्त हो रही है और दोबारा रिमांड मिलने की संभावना कम बताई जा रही है। ऐसे में पुलिस कोर्ट में पेशी से पहले ज्यादा से ज्यादा सबूत जुटाने में लगी हुई है।

