तमिलनाडु में सियासी संकट गहराया: TVK के 107 विधायकों के सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी, विजय सरकार गठन की दौड़ में

Thecity news
3 Min Read

तमिलनाडु में चुनाव परिणाम के बाद राजनीतिक अस्थिरता तेज हो गई है। अभिनेता से नेता बने थलापति विजय की पार्टी तलिमगा वेत्री कड़गम (TVK) ने बड़ा राजनीतिक संकेत देते हुए चेतावनी दी है कि अगर द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) और अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) मिलकर सरकार बनाने की कोशिश करते हैं तो TVK के सभी 107 विधायक सामूहिक इस्तीफा दे सकते हैं।

हालांकि, विजय की ओर से इस मुद्दे पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

TVK खेमे में बढ़ी बेचैनी

सूत्रों के मुताबिक, TVK विधायकों और समर्थकों के बीच सरकार गठन को लेकर बेचैनी और निराशा का माहौल है। बहुमत के लिए जरूरी आंकड़े से 10 सीट दूर चल रहे विजय अब तक दो बार राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर से मुलाकात कर चुके हैं।

बताया जा रहा है कि राज्यपाल ने विजय से 118 विधायकों का समर्थन पत्र लाने को कहा है। TVK को फिलहाल कांग्रेस के 5 विधायकों का समर्थन मिल चुका है, जबकि सरकार बनाने के लिए अभी 6 और विधायकों की जरूरत है।

DMK-AIADMK गठबंधन की चर्चा से बढ़ा तनाव

TVK की सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी ऐसे समय आई है जब राज्य में कट्टर विरोधी मानी जाने वाली DMK और AIADMK के बीच संभावित गठबंधन की चर्चा तेज हो गई है।

सूत्रों के अनुसार, AIADMK के कई विधायक फिलहाल पुडुचेरी के एक रिसॉर्ट में ठहरे हुए हैं और उन्होंने पार्टी महासचिव एडाप्पाडी के पलानीस्वामी को समर्थन पत्र सौंप दिए हैं। पलानीस्वामी ने शुक्रवार को राज्यपाल से मिलने का समय मांगा है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, AIADMK के कुछ विधायक TVK को समर्थन देने के पक्ष में थे, जिसके बाद पलानीस्वामी खुद उन्हें मनाने के लिए पुडुचेरी पहुंचे।

स्टालिन ने विधायकों को दी जानकारी

इस बीच, DMK प्रमुख एमके स्टालिन ने कथित तौर पर अपनी पार्टी के विधायकों को बताया कि AIADMK ने विजय को मुख्यमंत्री बनने से रोकने के लिए DMK से समर्थन मांगा है।

सूत्रों के अनुसार, DMK विधायकों ने अंतिम फैसला स्टालिन पर छोड़ दिया है। बता दें कि 23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में DMK को 59 और AIADMK को 47 सीटें मिली थीं।

आज CPI, CPM और VCK की अहम बैठक

तमिलनाडु की राजनीति में शुक्रवार को कई अहम बैठकों पर नजर रहेगी। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (CPIM) TVK के साथ संभावित गठबंधन को लेकर बैठक करने वाली हैं। दोनों दलों के पास 2-2 विधायक हैं।

इसके अलावा विदुथलाई चिरुथाइगल काची (VCK) भी अलग बैठक करेगी। माना जा रहा है कि VCK अंतिम फैसला लेने से पहले वामपंथी दलों के रुख का इंतजार करेगी। VCK के पास भी 2 विधायक हैं।

अगर CPI, CPM और VCK का समर्थन TVK को मिल जाता है तो थलापति विजय के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो सकता है।

Share This Article