मुंबई-ठाणे समेत पूरे महाराष्ट्र में मराठी सीखने लगे रिक्शा-टैक्सी चालक, जगह-जगह लगाए गए कैंप
मुंबई एमएमआर, ठाणे और राज्य के अन्य शहरों में रिक्शा, टैक्सी और अन्य कमर्शियल वाहन चालकों के लिए मराठी भाषा का व्यवहारिक ज्ञान अनिवार्य किए जाने के फैसले का असर अब जमीन पर दिखाई देने लगा है। परिवहन मंत्री Pratap Sarnaik के निर्देश के बाद कई इलाकों में हिंदी भाषी और अन्य परप्रांतीय ड्राइवरों के लिए मराठी सिखाने के विशेष कैंप और क्लास शुरू किए गए हैं, जिनमें बड़ी संख्या में चालक हिस्सा ले रहे हैं।
महाराष्ट्र की संस्कृति और पहचान का सम्मान: प्रताप सरनाईक
मुंबई के Rang Sharda में आयोजित नवभारतीय शिव वाहतूक संगठन के कार्यक्रम में परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि महाराष्ट्र में कमर्शियल पैसेंजर वाहन चलाने वाले हर ड्राइवर के लिए “प्रैक्टिकल मराठी” जानना जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मराठी सीखने का उद्देश्य किसी पर रोक लगाना नहीं, बल्कि महाराष्ट्र की संस्कृति, भाषा और पहचान का सम्मान सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि यदि ड्राइवर स्थानीय भाषा सीखेंगे तो यात्रियों, पुलिस, प्रशासन और स्थानीय नागरिकों के साथ संवाद आसान होगा और गलतफहमियां भी कम होंगी।
ड्राइवरों को मिला 105 दिन का समय
परिवहन मंत्री ने बताया कि ड्राइवर संगठनों ने मराठी सीखने के लिए तीन महीने का समय मांगा था, जिसके बाद सरकार ने उन्हें 105 दिन का समय दिया है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि चालक इस अवधि में कम से कम व्यवहारिक मराठी नहीं सीखते हैं तो 16 अगस्त के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इससे पहले मराठी भाषा ज्ञान न होने पर रिक्शा-टैक्सी चालकों के लाइसेंस और परमिट रद्द करने की चेतावनी को लेकर विवाद भी शुरू हो गया था। बाद में सरकार ने व्यवहारिक मराठी सीखने के लिए अतिरिक्त समय देने का फैसला किया।
जगह-जगह शुरू हुए मराठी सीखने के कैंप
मुंबई, ठाणे और अन्य उपनगरों में रिक्शा संगठनों के साथ-साथ कई सामाजिक और राजनीतिक संगठन भी ड्राइवरों को व्यवहारिक मराठी सिखाने में जुट गए हैं।
ठाणे के इंदिरानगर, वागले इस्टेट, गांधीनगर, नलपाडा, यादव नगर और कलवा जैसे इलाकों में बड़ी संख्या में हिंदी भाषी रिक्शा चालक मराठी सीख रहे हैं। बीजेपी नगरसेवक Amit Saraiya ने कहा कि उत्तर भारतीय रिक्शा चालकों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है और हिंदी तथा मराठी में समानता होने के कारण भाषा सीखना आसान साबित हो रहा है।
‘मराठी भाषा बहुत आसान है’ — रिक्शा चालक
ठाणे के गांधीनगर निवासी रिक्शा चालक Rambhor Yadav ने कहा कि मराठी भाषा काफी आसान है और परिवहन मंत्री का फैसला सभी के हित में है। उन्होंने बताया कि कई संगठन जगह-जगह कैंप लगाकर परप्रांतीय ड्राइवरों को व्यवहारिक मराठी सिखा रहे हैं।
कार्यक्रम में कई नेता रहे मौजूद
कार्यक्रम का आयोजन Haji Arafat Sheikh ने किया था। इस दौरान केंद्रीय सामाजिक न्याय राज्य मंत्री Ramdas Athawale, महाराष्ट्र के सांस्कृतिक मामलों के मंत्री Ashish Shelar और विधायक Pravin Darekar सहित बड़ी संख्या में रिक्शा और टैक्सी चालक मौजूद रहे।

