SSC GD परीक्षा में हाईटेक चीटिंग का खुलासा, 13-13 लाख में पास कराने की डील; छह अभ्यर्थी गिरफ्तार

Thecity news
4 Min Read

रांची के ऑनलाइन एग्जाम सेंटर में पकड़ा गया सॉल्वर गैंग का नेटवर्क, मास्टर कंप्यूटर से हो रहा था पेपर ऑपरेट

रांची में एसएससी जीडी कांस्टेबल परीक्षा के दौरान हाईटेक चीटिंग रैकेट का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने 9 मई को पंडरा स्थित “द फ्यूचरिस्टिक ऑनलाइन एग्जामिनेशन सेंटर” में छापेमारी कर छह अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि बिहार के एक सॉल्वर गैंग ने परीक्षा पास कराने के लिए प्रत्येक अभ्यर्थी से 13-13 लाख रुपये की डील की थी। कुल मिलाकर 78 लाख रुपये का सौदा तय हुआ था।

गिरफ्तार अभ्यर्थियों में कोडरमा का आर्यन कुमार, हजारीबाग का राहुल कुमार, गुमला का रवि रंजन कुजूर, बिहार के मधुबनी का ऋषिकेश यादव, पटना के कन्हाईपुर का राजकुमार और अरवल जिले के मेहंदिया की अनु कुमारी शामिल हैं।

परीक्षा के तीन दिन बाद मांगे गए थे दो-दो लाख रुपये

पुलिस पूछताछ में अभ्यर्थियों ने बताया कि गैंग के सदस्यों ने परीक्षा देने के तीन दिन बाद दो-दो लाख रुपये जमा कराने को कहा था। बाकी 11 लाख रुपये परीक्षा पास होने के बाद देने थे। अभ्यर्थियों का कहना है कि गैंग के सदस्य उनसे कभी सीधे नहीं मिले और पूरी बातचीत फोन पर ही होती थी।

गैंग ने अभ्यर्थियों को भरोसा दिलाया था कि उन्हें केवल परीक्षा केंद्र में बैठना है, जबकि प्रश्नों के उत्तर ऑनलाइन माध्यम से हल कर दिए जाएंगे।

सेंटर मालिक और टेक्निकल सुपरिंटेंडेंट फरार

रांची पुलिस ने जब्त कंप्यूटर और मोबाइल फोन की जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान गैंग के अन्य सदस्यों की जानकारी भी मिली है। पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान परीक्षा केंद्र का मालिक और टेक्निकल सुपरिंटेंडेंट फरार हो गए। अधिकारियों को शक है कि दोनों की सॉल्वर गैंग से मिलीभगत थी।

कपड़ों की फोटो भेजकर किया गया सिस्टम एक्सेस

पुलिस के अनुसार, परीक्षा में शामिल होने से पहले अभ्यर्थियों से उन कपड़ों की तस्वीरें मांगी गई थीं, जिन्हें पहनकर उन्हें परीक्षा देनी थी। अभ्यर्थियों ने अपनी पूरी तस्वीर गैंग को भेजी थी। इसी आधार पर गैंग ने उनके सिस्टम की पहचान कर कंप्यूटर को रिमोट एक्सेस के जरिए नियंत्रित किया।

मास्टर कंप्यूटर से ऑपरेट हो रहे थे अभ्यर्थियों के सिस्टम

शनिवार को परीक्षा के दौरान एसएसपी राकेश रंजन को गड़बड़ी की सूचना मिली थी। इसके बाद कोतवाली एएसपी निखिल राय के नेतृत्व में टीम गठित कर परीक्षा केंद्र पर छापा मारा गया। पुलिस जब सेंटर पहुंची तो रिमोट एक्सेस के जरिए कंप्यूटर में उत्तर टिक किए जा रहे थे।

पुलिस ने सेंटर से एक मास्टर कंप्यूटर भी जब्त किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अभ्यर्थियों के कंप्यूटर इसी मास्टर सिस्टम से ऑपरेट किए जा रहे थे और फायरबॉल नेटवर्क के जरिए उत्तर भेजे जा रहे थे।

पुलिस कर रही साइबर नेटवर्क की जांच

फिलहाल पुलिस साइबर एंगल से पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। मोबाइल कॉल डिटेल, कंप्यूटर डेटा और डिजिटल एक्सेस सिस्टम की फॉरेंसिक जांच की जा रही है। संभावना जताई जा रही है कि यह गिरोह कई प्रतियोगी परीक्षाओं में सक्रिय रहा है।

Share This Article