NEET 2026 पेपर लीक केस: टेलीग्राम चैनल से बेचा जा रहा था पेपर, बिहार से लेकर राजस्थान-छत्तीसगढ़ तक फैला नेटवर्क

Thecity news
5 Min Read

NEET 2026 पेपर लीक मामले में लगातार बड़े खुलासे हो रहे हैं। जांच में सामने आया है कि शातिरों ने टेलीग्राम पर ‘ऑफिशियल नीट एक्जाम 2026’ नाम से चैनल बनाकर परीक्षा का पेपर बेचने का दावा किया था। इस चैनल में ‘एक्जाम वाले’ आईडी से वॉइस रिकॉर्डिंग अपलोड की गई थी, जिसमें आरोपी ने कहा था कि उसके पास नीट का पेपर उपलब्ध है।

बताया जा रहा है कि इस टेलीग्राम चैनल से 121 परीक्षार्थी जुड़े हुए थे। मामले में मुजफ्फरपुर के सिकंदरपुर थाना पुलिस ने परीक्षा से एक दिन पहले ही बालूघाट इलाके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन इस पूरे मामले को दबाने का आरोप लग रहा है।

परीक्षा से पहले गिरफ्तार हुआ था आरोपी

पुलिस ने कटरा प्रखंड के जजुआर निवासी मनीष झा को दो मई को बालूघाट चॉकलेट फैक्ट्री के पास से गिरफ्तार कर जेल भेजा था। हालांकि, उस समय पुलिस ने केवल नीट के नाम पर ठगी का मामला दर्ज किया था।

मनीष की गिरफ्तारी के अगले दिन यानी 3 मई को NEET परीक्षा आयोजित हुई थी। अब परीक्षा रद्द होने और पूरे मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंपे जाने के बाद यह मामला फिर चर्चा में आ गया है।

सूत्रों के अनुसार सीबीआई जल्द ही मनीष झा से पूछताछ कर सकती है। उसके पास से बरामद लैपटॉप, मोबाइल और अन्य डिजिटल उपकरणों की भी फॉरेंसिक जांच की जाएगी।

उत्तर प्रदेश कनेक्शन भी आया सामने

जांच में यह भी सामने आया है कि इसी टेलीग्राम चैनल से जुड़े मामले में लखनऊ से जजुआर निवासी निखिल कुमार को भी गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस को शक है कि मनीष झा और निखिल कुमार के बीच सीधा संपर्क था। जांच में दोनों के बीच चैट और बातचीत के सबूत मिलने की बात कही जा रही है।

पावापुरी मेडिकल कॉलेज का छात्र निकला सरगना

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि पावापुरी मेडिकल कॉलेज का छात्र उज्ज्वल उर्फ राजा बाबू इस पूरे सॉल्वर गैंग का मुख्य सरगना था। वह अवधेश नामक आरोपी के साथ मिलकर नेटवर्क चला रहा था।

गिरफ्तार आरोपी अमन कुमार को उज्ज्वल का मौसेरा भाई बताया जा रहा है, जबकि उज्ज्वल फिलहाल फरार है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि अभ्यर्थियों से 50 से 60 लाख रुपये तक में सौदा तय किया गया था और डेढ़ से दो लाख रुपये एडवांस लिए गए थे।

योजना थी कि असली उम्मीदवारों की जगह दूसरे राज्यों से बुलाए गए सॉल्वर परीक्षा में बैठेंगे।

राजस्थान और छत्तीसगढ़ तक फैले तार

सुनील कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं और जांच के तार राजस्थान और छत्तीसगढ़ तक जुड़ते नजर आ रहे हैं।

पुलिस की टीमें इन राज्यों में भी भेजने की तैयारी कर रही हैं। साथ ही केंद्रीय जांच एजेंसियों के साथ समन्वय कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

सात आरोपी गिरफ्तार, कई जिलों में छापेमारी

नालंदा पुलिस ने 2 मई की रात पावापुरी इलाके से सॉल्वर गैंग के सात लोगों को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार गिरोह बिहार के कई जिलों में परीक्षा केंद्रों पर सॉल्वर बैठाने की तैयारी कर चुका था।

गिरफ्तार आरोपियों में अवधेश कुमार, पंकज कुमार साह, अमन कुमार, मनोज कुमार, गौरव कुमार और सुभाष कुमार शामिल हैं। सभी को 5 मई को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

इसके बाद पुलिस ने औरंगाबाद, जमुई और मुजफ्फरपुर में लगातार छापेमारी कर कई अन्य संदिग्धों को हिरासत में लिया।

मोबाइल में मिले कई परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड

जांच में यह भी पता चला कि गिरफ्तार आरोपी अवधेश कुमार के मोबाइल फोन में कई परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड की कॉपी मौजूद थी।

इसी आधार पर मुजफ्फरपुर के जिला स्कूल परीक्षा केंद्र से पकड़े गए दो संदिग्ध परीक्षार्थियों से भी पूछताछ की गई थी। पुलिस का मानना है कि इस पेपर लीक और सॉल्वर गैंग नेटवर्क में बिहार के कई जिलों के शातिर अपराधियों की संलिप्तता हो सकती है।

Share This Article