ITBP भर्ती घोटाला: रांची की 40वीं बटालियन में कांस्टेबल भर्ती में फर्जीवाड़ा, CBI जांच में अवैध वसूली का खुलासा

Thecity news
3 Min Read

भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल यानी Indo-Tibetan Border Police (आईटीबीपी) की कांस्टेबल (जीडी) भर्ती 2024 में बड़े फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो Central Bureau of Investigation (सीबीआई) ने जांच के दौरान भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार, अवैध वसूली और गोपनीय जानकारी साझा किए जाने के साक्ष्य जुटाए हैं। मामला आईटीबीपी की 40वीं बटालियन के सुकुरहुट्टू कैंप, रांची से जुड़ा हुआ है, जहां भर्ती प्रक्रिया के दौरान उम्मीदवारों से पैसे लेकर मेडिकल टेस्ट में पास कराने का कथित खेल चल रहा था।

जनवरी में शिकायत के बाद शुरू हुई जांच

सूत्रों के मुताबिक, जनवरी 2026 में आईटीबीपी कांस्टेबल भर्ती को लेकर शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने प्राथमिक जांच शुरू की थी। इसके बाद आईटीबीपी की आंतरिक कोर्ट ऑफ इंक्वायरी रिपोर्ट में भी गंभीर अनियमितताओं की पुष्टि हुई। जांच में सामने आया कि विस्तृत चिकित्सा परीक्षण (DME) और पुनरीक्षण चिकित्सा परीक्षण (RME) में अभ्यर्थियों को पास कराने का लालच देकर मोटी रकम वसूली गई।

तीन कर्मियों की भूमिका आई सामने

प्रारंभिक जांच में पटना मुख्यालय के द्वितीय कमान अधिकारी संदीप रंजन, आईटीबीपी 40वीं बटालियन के कांस्टेबल आशुतोष कुणाल गुप्ता और पटना सेक्टर मुख्यालय के जीडी कांस्टेबल मनोज कुमार की भूमिका संदिग्ध पाई गई है। इसके अलावा विभिन्न केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के कुछ अज्ञात कर्मियों और निजी व्यक्तियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

गोपनीय जानकारी साझा करने का आरोप

सीबीआई जांच में यह भी सामने आया है कि भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी उम्मीदवारों की गोपनीय जानकारी कथित रूप से साझा की गई थी। जांच एजेंसी के अनुसार कांस्टेबल आशुतोष कुणाल गुप्ता के माध्यम से ₹50,000 के संदिग्ध लेन-देन के संकेत मिले हैं। मामले में मोबाइल नंबर 9060128551 के इस्तेमाल की भी जांच हो रही है, जिसे कांस्टेबल मनोज कुमार से जुड़ा बताया जा रहा है।

भ्रष्टाचार निरोधक कानूनों के तहत जांच

सीबीआई ने इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (PC Act) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत जांच तेज कर दी है। मामले की जांच एएसपी स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है। एजेंसी अब भर्ती प्रक्रिया से जुड़े अन्य अधिकारियों और संभावित दलालों की भूमिका भी खंगाल रही है।

Share This Article