7,500 पन्नों की चार्जशीट में खुलासा, ‘अंसार गजवत-उल-हिंद’ के जरिए भारत में शरिया लागू करने की थी तैयारी
10 नवंबर 2025 की शाम दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार बम धमाके ने पूरे देश को हिला दिया था। अब इस मामले की जांच कर रही National Investigation Agency (NIA) की चार्जशीट में कई सनसनीखेज खुलासे हुए हैं। जांच एजेंसी के मुताबिक, यह हमला सिर्फ दिल्ली में धमाका करने तक सीमित नहीं था, बल्कि इसके पीछे भारत में बड़े स्तर पर जिहादी नेटवर्क खड़ा करने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को चुनौती देने की साजिश थी।
एनआईए ने गुरुवार को दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट स्थित विशेष अदालत में 10 आरोपियों के खिलाफ करीब 7,500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की। इस मामले का मुख्य आरोपी उमर उन नबी धमाके में ही मारा गया था, जबकि उसके साथ जुड़े 9 अन्य आरोपियों के नाम चार्जशीट में शामिल किए गए हैं।
‘ऑपरेशन हेवनली हिंद’ नाम से चल रही थी साजिश
जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी आतंकी संगठन Ansar Ghazwat-ul-Hind (AGUH) से जुड़े थे, जो Al-Qaeda in the Indian Subcontinent की शाखा मानी जाती है।
एनआईए के अनुसार, आरोपियों ने अपने मिशन को ‘ऑपरेशन हेवनली हिंद’ कोडनेम दिया था। इसका मकसद भारत की लोकतांत्रिक सरकार को उखाड़ फेंकना और देश में शरिया कानून लागू करना था।
2022 में श्रीनगर में हुई थी गुप्त बैठक
चार्जशीट के मुताबिक, साल 2022 में श्रीनगर में हुई एक गुप्त बैठक के दौरान इस मॉड्यूल को फिर से सक्रिय किया गया। तुर्की के रास्ते अफगानिस्तान भागने की नाकाम कोशिश के बाद आरोपियों ने AGUH को दोबारा संगठित किया और उसका नाम बदलकर ‘AGUH-अंतरिम’ रखा।
इसके बाद नए सदस्यों की भर्ती, कट्टरपंथी विचारधारा का प्रचार और हथियार जुटाने का अभियान शुरू किया गया।
बाजार में मिलने वाले कैमिकल से बनाया TATP विस्फोटक
एनआईए ने दावा किया है कि दिल्ली धमाके में ‘ट्राईएसीटोन ट्राईपरऑक्साइड’ (TATP) विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया था। जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपियों ने बाजार में आसानी से मिलने वाले रसायनों की मदद से यह घातक विस्फोटक तैयार किया।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने कई तरह के आईईडी तैयार किए और उनका परीक्षण भी किया था। जांच में यह भी सामने आया कि उन्होंने लैब में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, इलेक्ट्रिक सर्किट, एमएमओ एनोड और स्विच जैसे उपकरण ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से खरीदे थे।
डॉक्टर भी बने आतंकी मॉड्यूल का हिस्सा
एनआईए की जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि इस मॉड्यूल में शामिल कुछ आरोपी पेशे से डॉक्टर थे। जांच एजेंसी के मुताबिक, कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित होकर वे इस आतंकी नेटवर्क से जुड़े थे।
आरोपियों के पास से एके-47, क्रिनकोव राइफल और देसी पिस्तौल जैसे अवैध हथियार भी बरामद किए गए।
ड्रोन और रॉकेट से हमले की थी तैयारी
चार्जशीट में दावा किया गया है कि आरोपी जम्मू-कश्मीर और देश के अन्य हिस्सों में सुरक्षा प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की योजना बना रहे थे। इसके लिए ड्रोन और रॉकेट के जरिए आईईडी हमलों के प्रयोग भी किए गए थे।
एनआईए ने कहा कि मॉड्यूल देशभर में अपनी गतिविधियां फैलाने की तैयारी कर चुका था, लेकिन समय रहते नेटवर्क का भंडाफोड़ कर दिया गया।
दिल्ली, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में हुई छापेमारी
जांच के दौरान एनआईए ने दिल्ली, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों में छापेमारी कर अहम सबूत जुटाए। डीएनए और फिंगरप्रिंट जांच के जरिए मारे गए आरोपी की पहचान उमर उन नबी के रूप में की गई।
जांच एजेंसियों ने लाल किला धमाका स्थल के अलावा फरीदाबाद स्थित Al-Falah University और जम्मू-कश्मीर में मौजूद कई संदिग्ध ठिकानों पर भी जांच की।
अब तक 11 गिरफ्तार, फरार आरोपियों की तलाश जारी
इस मामले में अब तक कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एनआईए की टीमें अब उन फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हैं, जिनकी भूमिका जांच के दौरान सामने आई है।

