फोन नंबर लिंक करने पर ही मिलेगा पूरा 15GB फ्री स्टोरेज
Google जल्द अपने फ्री क्लाउड स्टोरेज नियमों में बड़ा बदलाव कर सकती है। एक नई रिपोर्ट के मुताबिक, अब नए Gmail अकाउंट बनाने वाले यूजर्स को पहले की तरह सीधे 15GB मुफ्त स्टोरेज नहीं मिल सकता।
9टू5गूगल की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कंपनी फिलहाल एक नई पॉलिसी की टेस्टिंग कर रही है, जिसके तहत बिना फोन नंबर जोड़े यूजर्स को केवल 5GB फ्री स्टोरेज दिया जाएगा। पूरा 15GB स्टोरेज पाने के लिए मोबाइल नंबर लिंक करना जरूरी हो सकता है।
नए अकाउंट बनाते समय मिल रहे हैं दो विकल्प
रिपोर्ट के अनुसार, नए Google अकाउंट बनाते समय यूजर्स को दो अलग-अलग विकल्प दिखाए जा रहे हैं।
पहला विकल्प फोन नंबर जोड़कर मुफ्त में 15GB क्लाउड स्टोरेज पाने का है, जबकि दूसरा विकल्प बिना मोबाइल नंबर जोड़े केवल 5GB स्टोरेज इस्तेमाल करने का है।
कंपनी का मानना है कि मोबाइल नंबर वेरिफिकेशन से फर्जी अकाउंट्स पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। इससे एक व्यक्ति द्वारा कई अकाउंट बनाकर बार-बार मुफ्त स्टोरेज लेने की समस्या कम हो सकती है। साथ ही स्पैम और बॉट अकाउंट्स को कंट्रोल करना भी आसान होगा।
सपोर्ट पेज की भाषा में भी दिखा बदलाव
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि मार्च 2026 में Google ने अपने सपोर्ट पेज की भाषा चुपचाप बदल दी थी।
पहले कंपनी की वेबसाइट पर लिखा होता था कि हर Google अकाउंट के साथ 15GB मुफ्त स्टोरेज मिलता है, लेकिन अब इसे बदलकर “15GB तक” कर दिया गया है।
टेक एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह बदलाव आने वाली नई स्टोरेज पॉलिसी की ओर इशारा कर सकता है। हालांकि, कंपनी की तरफ से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
पुराने यूजर्स पर फिलहाल नहीं पड़ेगा असर
रिपोर्ट के मुताबिक, जिन यूजर्स के पास पहले से 15GB वाला Google अकाउंट मौजूद है, उन्हें अभी किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
यह नियम फिलहाल सिर्फ नए अकाउंट्स के लिए टेस्ट किया जा रहा है। यानी नया Gmail अकाउंट बनाते समय यदि कोई यूजर पूरा 15GB स्टोरेज चाहता है, तो उसे अपना मोबाइल नंबर अकाउंट से लिंक करना पड़ सकता है।
आने वाले समय में Google इस नियम को बड़े स्तर पर लागू कर सकती है, जिससे फ्री क्लाउड स्टोरेज सिस्टम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

