Kerala Rajdhani Express Fire: कोटा मंडल में राजधानी एक्सप्रेस के AC कोच में लगी आग, सभी यात्री सुरक्षित

Thecity news
3 Min Read

Indian Railways की तिरुवनंतपुरम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (12431) के AC कोच में रविवार सुबह आग लगने से हड़कंप मच गया। हादसा मध्य प्रदेश के कोटा मंडल स्थित विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के पास सुबह करीब 5 बजे हुआ। राहत की बात यह रही कि लोको पायलट और गार्ड की सतर्कता के चलते सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

B-1 कोच से शुरू हुई आग, दो अन्य डिब्बों तक फैली

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आग ट्रेन के B-1 AC कोच में लगी थी। देखते ही देखते आग दो अन्य डिब्बों तक फैल गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू करते हुए प्रभावित कोच को ट्रेन से अलग कर दिया।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया है और किसी यात्री या रेलवे कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है।

रेलवे ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का काम शुरू कराया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। रेलवे प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

दिल्ली-मुंबई रेल रूट पर असर

राजधानी एक्सप्रेस में आग लगने की घटना का असर दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर भी देखने को मिला। सुरक्षा जांच और बचाव कार्यों के चलते करीब दो घंटे तक रेल यातायात प्रभावित रहा।

इस दौरान मुंबई-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12955) को विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन पर रोका गया।

राहत ट्रेन और टॉवर वैगन भेजी गई

Ratlam Railway Division के DRM अश्वनी कुमार घटना की जानकारी मिलते ही मौके के लिए रवाना हो गए। रेलवे की ओर से रतलाम से दुर्घटना राहत ट्रेन और टॉवर वैगन भी घटनास्थल पर भेजी गई है, ताकि ट्रैक और रेल सेवाओं को जल्द सामान्य किया जा सके।

यात्रियों में दहशत, बड़ा हादसा टला

सुबह-सुबह AC कोच में आग लगने से यात्रियों में डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। हालांकि रेलवे कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।

Share This Article