पांचवें प्रयास में हासिल की सफलता, UPSC CSE 2025 में 847वीं रैंक
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा (CSE) 2025 में 847वीं रैंक हासिल करने वाले हरियाणा के नीतीश कुमार की सफलता लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है। गंभीर शारीरिक चुनौतियों, असहनीय दर्द और सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने पांचवें प्रयास में UPSC परीक्षा पास कर यह साबित कर दिया कि मजबूत इरादों के सामने परिस्थितियां भी हार मान लेती हैं।
नीतीश कुमार अब सिविल सेवा में चयनित होकर प्रशासनिक सेवा में देश की सेवा करने की दिशा में कदम बढ़ा चुके हैं।
बचपन से गंभीर बीमारी, 12 साल की उम्र तक नहीं जा सके स्कूल
महेंद्रगढ़ जिले के खटौटी कलां गांव निवासी नीतीश कुमार बचपन से ही एक गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। इस बीमारी के कारण उनका शारीरिक विकास सामान्य रूप से नहीं हो पाया। उनकी लंबाई करीब 3 फीट और वजन मात्र 21 किलोग्राम है। वह चलने-फिरने में असमर्थ हैं और व्हीलचेयर की सहायता से अपनी दैनिक गतिविधियां पूरी करते हैं।
शारीरिक स्थिति के कारण वह 12 वर्ष की आयु तक स्कूल भी नहीं जा सके। इसके बावजूद उन्होंने कभी अपनी पढ़ाई और भविष्य के सपनों से समझौता नहीं किया।
सरकारी स्कूल से पढ़ाई, हिंदी में MA के बाद शुरू की UPSC की तैयारी
नीतीश कुमार ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव के सरकारी स्कूल से पूरी की। इसके बाद उन्होंने गवर्नमेंट कॉलेज, कृष्णा नगर से स्नातक की पढ़ाई की और फिर पीजी कॉलेज, नारनौल से हिंदी विषय में एमए (MA) की डिग्री प्राप्त की।
UPSC परीक्षा की तैयारी के दौरान वह प्रतिदिन लगभग 10 से 11 घंटे पढ़ाई करते थे। लगातार मेहनत और अनुशासित तैयारी के दम पर उन्होंने अपने पांचवें प्रयास में सफलता हासिल की।
किसान पिता और मां बनीं सबसे बड़ी ताकत
नीतीश कुमार के पिता एक साधारण किसान हैं, जबकि उनकी मां केली देवी गृहिणी हैं। हालांकि, नीतीश की सफलता में उनकी मां की भूमिका सबसे अहम रही।
जब नीतीश स्कूल जाने में असमर्थ थे, तब उनकी मां उन्हें अपने कंधों पर बैठाकर स्कूल छोड़ने जाती थीं। यही सिलसिला उनकी शिक्षा से लेकर UPSC इंटरव्यू तक जारी रहा। इंटरव्यू के दिन भी उनकी मां उनके साथ मौजूद रहीं और हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाती रहीं।
संघर्ष से सफलता तक का सफर बना लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा
नीतीश कुमार की कहानी केवल UPSC परीक्षा पास करने की नहीं, बल्कि कठिन परिस्थितियों के सामने हार न मानने की मिसाल है। गंभीर दिव्यांगता, लगातार शारीरिक दर्द और आर्थिक सीमाओं के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य पर फोकस बनाए रखा और आखिरकार सफलता हासिल की।
उनकी यह उपलब्धि उन सभी अभ्यर्थियों के लिए प्रेरणा है, जो चुनौतियों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का साहस रखते हैं।

