बांग्लादेश की राजधानी ढाका में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय सेमिनार के दौरान जम्मू-कश्मीर का गलत मानचित्र दिखाए जाने पर भारतीय उच्चायोग की द्वितीय सचिव पूजा झा ने तत्काल आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा है।
बांग्लादेश की राजधानी ढाका में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय विदेश नीति सेमिनार के दौरान जम्मू-कश्मीर का कथित रूप से गलत मानचित्र दिखाए जाने पर भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने कड़ा विरोध दर्ज कराया। सेमिनार के दौरान स्क्रीन पर प्रदर्शित एक मानचित्र में जम्मू-कश्मीर को पाकिस्तान के हिस्से के रूप में दर्शाया गया, जिस पर भारतीय उच्चायोग की द्वितीय सचिव पूजा झा ने तुरंत आपत्ति जताई।
‘यह नक्शा पूरी तरह गलत है’
सेमिनार के दौरान प्रस्तुति के बीच हस्तक्षेप करते हुए पूजा झा ने कहा, “सर, यह नक्शा पूरी तरह गलत है। जम्मू और कश्मीर भारत का एक अभिन्न अंग है।” उनके इस बयान के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान इस मुद्दे की ओर गया।
यह घटना बांग्लादेश इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरनेशनल एंड स्ट्रेटेजिक स्टडीज (BIISS) द्वारा आयोजित सेमिनार के दौरान हुई। कार्यक्रम का विषय था “रीबिल्डिंग ट्रस्ट, रिन्यूइंग रीजनल इंटीग्रेशन: पाथवेज फॉर रिवाइटलाइजिंग सार्क”।
पूर्व राजनयिक ने दी सफाई
प्रस्तुति दे रहे बांग्लादेश के पूर्व राजनयिक तारिक ए. करीम ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि मानचित्र का उपयोग केवल प्रतिनिधित्व (Illustration) के उद्देश्य से किया गया था और इसका उद्देश्य वास्तविक सीमाओं को दर्शाना नहीं था।
हालांकि, पूजा झा ने दोबारा स्पष्ट किया कि “मैं आपकी बात समझती हूं, लेकिन जम्मू और कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है। यहां इसे गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है, इसलिए मैं इस ओर आपका ध्यान आकर्षित करना चाहती थी।”
इसके बाद तारिक ए. करीम ने उनका परिचय पूछने पर उन्होंने स्वयं को भारत के उच्चायोग की द्वितीय सचिव बताया। इस पर करीम ने कहा, “नोट कर लिया गया है।” इसके बाद प्रस्तुति आगे बढ़ाई गई।
कौन हैं पूजा झा?
पूजा कुमारी झा 2022 बैच की भारतीय विदेश सेवा (IFS) अधिकारी हैं। उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 82 हासिल की थी। वर्तमान में वह ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग में सेकंड सेक्रेटरी के पद पर कार्यरत हैं।
अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का स्पष्ट रुख
भारत पहले भी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर जम्मू-कश्मीर से जुड़े गलत मानचित्रों या भ्रामक बयानों पर तत्काल आपत्ति दर्ज कराता रहा है। हाल ही में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में भी भारत ने पाकिस्तान द्वारा जम्मू-कश्मीर का मुद्दा उठाए जाने पर स्पष्ट कहा था कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा है और हमेशा रहेगा।

