पंजाब पुलिस का दावा- जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान हमले की थी योजना, कड़ी सुरक्षा के चलते साजिश हुई विफल; पेट्रोल बम, पिस्तौल और कारतूस बरामद
पिछले दिनों पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान आतंकी हमले की कथित साजिश का खुलासा हुआ है। पंजाब पुलिस ने दावा किया है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर काम कर रहे दो आतंकी मॉड्यूल ने प्रदर्शन के दौरान हमला करने की योजना बनाई थी। हालांकि, जंतर-मंतर पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के कारण साजिश नाकाम रही। पुलिस ने दोनों मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए 4 नाबालिगों समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पेट्रोल बम, पिस्तौल, कारतूस और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया गया है।
8 साथियों के साथ दिल्ली पहुंचा था आरोपी
पुलिस पूछताछ में एक आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने 8 साथियों के साथ दिल्ली पहुंचा था। वहां पाकिस्तान में बैठे हैंडलर के निर्देश पर उसकी उत्तर प्रदेश के एक व्यक्ति से मुलाकात हुई, जिसे हथियार और विस्फोटक उपलब्ध कराने थे। हालांकि, जंतर-मंतर पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के चलते कथित साजिश को अंजाम नहीं दिया जा सका और सभी आरोपी वापस लौट गए।
पहले मॉड्यूल से पेट्रोल बम और हथियार बरामद
पंजाब पुलिस के अनुसार, पहला आतंकी मॉड्यूल अमृतसर के राजासांसी इलाके से पकड़ा गया। इसमें सुखमन सिंह और उसके तीन नाबालिग साथी शामिल हैं। इनके पास से 4 पेट्रोल बम, 2 पिस्तौल, 9 जिंदा कारतूस और लाइटर बरामद किए गए हैं।
जंतर-मंतर पर हमला करने का मिला था टास्क
पूछताछ में सुखमन सिंह ने स्वीकार किया कि वह पाकिस्तान स्थित आईएसआई हैंडलर के संपर्क में था और उसे दिल्ली के जंतर-मंतर पर वारदात को अंजाम देने का निर्देश मिला था। उसने बताया कि वह साथियों के साथ दिल्ली गया था, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता के कारण हमला नहीं कर सका।
पुलिस भवनों की रेकी और रेलवे ट्रैक पर कैमरे लगाने का आरोप
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों को पंजाब में पुलिस भवनों और पुलिसकर्मियों की रेकी करने का जिम्मा दिया गया था। वहीं दूसरे मॉड्यूल के सदस्य रेलवे ट्रैक के पास गुप्त कैमरे लगाकर ट्रेनों और आसपास की गतिविधियों की रिकॉर्डिंग करते थे। पुलिस का आरोप है कि यह फुटेज पाकिस्तान स्थित हैंडलरों तक भेजी जाती थी, जिससे संवेदनशील और रणनीतिक जानकारियां साझा की जा सकें।
रेलवे ट्रैक के पास मिला था संदिग्ध कैमरा
दूसरे मॉड्यूल का खुलासा पिछले महीने जौड़ा फाटक के पास रेलवे ट्रैक के पोल पर संदिग्ध कैमरा मिलने के बाद हुआ। जांच के दौरान पुलिस ने वंश कुमार और उसके एक नाबालिग साथी को गिरफ्तार किया। इनके पास से एक पिस्तौल, कारतूस, सीसीटीवी कैमरे और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्होंने अपने साथियों के साथ रेलवे ट्रैक पर कैमरे लगाए थे, जिनकी रिकॉर्डिंग पाकिस्तान भेजी जाती थी। इसके बाद पुलिस ने हथियार सप्लाई करने के आरोप में अनमोल सिंह को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान सुखदेव सिंह और हरमन सिंह की भूमिका भी सामने आई।
गरीब और नाबालिग युवकों को बनाया गया निशाना
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए अधिकांश नाबालिग आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से हैं और पढ़ाई बीच में छोड़ चुके हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इन्हें पैसों का लालच देकर देश विरोधी गतिविधियों में शामिल किया गया। आरोपियों को कांच की बोतलों से पेट्रोल बम बनाने का प्रशिक्षण भी दिया गया था और अलग-अलग लक्ष्यों पर भेजने की तैयारी की जा रही थी।
गिरफ्तार आरोपियों में मोहकमपुरा निवासी 19 वर्षीय वंश कुमार, झंजोटी गांव के 24 वर्षीय हरमन सिंह, 30 वर्षीय सुखदेव सिंह, 20 वर्षीय अनमोल सिंह और जोथ गांव के 19 वर्षीय सुखमन सिंह शामिल हैं। इनके अलावा 4 नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस अब पाकिस्तान स्थित हैंडलरों, फंडिंग नेटवर्क और उत्तर प्रदेश में मिले संदिग्ध संपर्कों की जांच कर रही है।
पुलिस कमिश्नर ने क्या कहा?
अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि मुख्यमंत्री की आतंकवाद के प्रति जीरो-टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई करते हुए आईएसआई समर्थित दो आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया गया है। मामले में कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 4 नाबालिग और 5 वयस्क शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि जांच के दौरान पता चला है कि पेट्रोल बम मॉड्यूल के सदस्य जंतर-मंतर पर प्रदर्शन स्थल तक भी पहुंचे थे, जहां उन्हें कथित तौर पर पेट्रोल बम बनाने का सामान और स्थानीय स्तर पर लॉजिस्टिक सहायता उपलब्ध कराई गई थी। हालांकि, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के कारण वे किसी भी हमले को अंजाम देने में सफल नहीं हो सके। पुलिस ने खुफिया सूचना के आधार पर उनके लौटने के तुरंत बाद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

