UKPSC PCS Vacancy 2026: उत्तराखंड PCS में 67 पदों पर भर्ती, डिप्टी कलेक्टर और DSP समेत कई पद

Thecity news
4 Min Read

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2026 की विज्ञप्ति जारी की, अभ्यर्थी 29 सितंबर तक कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2026 की भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। आयोग ने विभिन्न विभागों में कुल 67 रिक्त पद घोषित किए हैं। इन पदों के लिए अभ्यर्थी 29 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

भर्ती में डिप्टी कलेक्टर, पुलिस उपाधीक्षक (DSP), जिला कमांडेंट होमगार्ड, वित्त अधिकारी/कोषाधिकारी, सहायक निदेशक, खंड विकास अधिकारी (BDO), सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO) और राज्य कर अधिकारी समेत कई पद शामिल हैं।

किस विभाग में कितने पद?

आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार डिप्टी कलेक्टर के 10, पुलिस उपाधीक्षक के 14, जिला कमांडेंट होमगार्ड के 2, वित्त अधिकारी/कोषाधिकारी के 4 और सहायक निदेशक/लेखा परीक्षा अधिकारी के 8 पद हैं।

इसके अलावा सहायक आयुक्त, राज्य कर का 1, सहायक नगर आयुक्त/अधिशासी अधिकारी श्रेणी-1 का 1, खंड विकास अधिकारी के 5, उप शिक्षा अधिकारी/स्टाफ ऑफिसर/विधि अधिकारी का 1 और सहायक श्रम आयुक्त का 1 पद है।

वहीं सहायक निदेशक/उपसचिव (संस्कृत शिक्षा विभाग) के 4, सहायक निदेशक (कारखाना/बॉयलर) के 2, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी के 5, पौधशाला विकास अधिकारी श्रेणी-2 का 1, राज्य कर अधिकारी के 5 और केस वर्कर (महिला कल्याण विभाग) के 3 पदों पर भर्ती होगी।

इन पदों के लिए स्नातक होना जरूरी

डिप्टी कलेक्टर, पुलिस उपाधीक्षक, जिला कमांडेंट (होमगार्ड), वित्त अधिकारी/कोषाधिकारी, सहायक आयुक्त (राज्य कर), सहायक नगर आयुक्त/अधिशासी अधिकारी श्रेणी-1, खंड विकास अधिकारी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी और राज्य कर अधिकारी के पदों के लिए भारत में विधि द्वारा स्थापित किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक होना अनिवार्य है।

अन्य पदों के लिए अलग योग्यता

सहायक निदेशक/लेखा परीक्षा अधिकारी: वाणिज्य में स्नातक (बीकॉम) या चार्टर्ड अकाउंटेंट की उपाधि।

उप शिक्षा अधिकारी/स्टाफ ऑफिसर/विधि अधिकारी: मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से परास्नातक उपाधि। विधि अधिकारी के लिए विधि स्नातक होना जरूरी है।

सहायक श्रम आयुक्त: अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र, वाणिज्य, विधि, श्रम संबंध, श्रम कल्याण, श्रम विधि, समाज कार्य/कल्याण, व्यापार प्रबंध या कार्मिक प्रबंधन में से किसी एक विषय के साथ स्नातक।

सहायक निदेशक/उपसचिव (संस्कृत शिक्षा): संस्कृत में परास्नातक उपाधि या समकक्ष योग्यता के साथ शिक्षा शास्त्री/बीएड।

सहायक निदेशक (कारखाना/बॉयलर): मैकेनिकल या इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में स्नातक उपाधि।

पौधशाला विकास अधिकारी श्रेणी-2: उद्यान विषय में विज्ञान स्नातक (कृषि), बीएससी (कृषि) या उद्यान में समकक्ष उपाधि।

केस वर्कर: समाजशास्त्र, अनुप्रयुक्त समाजशास्त्र या सामाजिक कार्य में स्नातकोत्तर उपाधि।

आयु सीमा और चयन प्रक्रिया

इन पदों के लिए अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 42 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर होगी। उत्तराखंड के एससी, एसटी, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस और दिव्यांग अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी।

अभ्यर्थियों का चयन प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा।

प्रारंभिक परीक्षा का पैटर्न

पहला प्रश्नपत्र- सामान्य अध्ययन: इसमें 150 प्रश्न होंगे, जो कुल 150 अंकों के होंगे। परीक्षा के लिए 2 घंटे का समय मिलेगा। मुख्य परीक्षा के लिए मेरिट सूची इसी प्रश्नपत्र के अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी। इसमें कम से कम एक-तिहाई प्रश्न उत्तराखंड राज्य से संबंधित होंगे।

दूसरा प्रश्नपत्र- सामान्य बुद्धिमत्ता परीक्षा (सीएसएटी): इसमें 100 प्रश्न होंगे और कुल 150 अंक होंगे। परीक्षा के लिए 2 घंटे का समय मिलेगा। यह पेपर केवल अर्हकारी होगा और इसमें न्यूनतम 33 प्रतिशत अंक हासिल करना अनिवार्य होगा।

प्रारंभिक परीक्षा में गलत उत्तर देने पर एक-चौथाई अंक की नेगेटिव मार्किंग की जाएगी।

Share This Article