दिल्ली में शुरू हुए ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी ने वैश्विक शासन में सुधार के लिए 10 प्रस्ताव तैयार करने की बात कही, BRICS कंटिन्यूटी और इम्प्लीमेंटेशन मैकेनिज्म बनाने का भी प्रस्ताव
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की शुरुआत हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत विभिन्न देशों के नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद अपने संबोधन में पीएम मोदी ने भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता को सफल बनाने में सभी देशों के सक्रिय योगदान और समर्थन के लिए आभार जताया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस साल का ब्रिक्स शिखर सम्मेलन एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है, क्योंकि संगठन अपनी 20वीं सालगिरह मना रहा है। उन्होंने कहा कि इंसान की जिंदगी में 20 साल की उम्र परिपक्वता और जिम्मेदारी के एक नए दौर की शुरुआत होती है। पीएम मोदी ने जोर देकर कहा कि ब्रिक्स किसी के खिलाफ नहीं है।
अगले 20 साल के लिए नए एजेंडे पर जोर
पीएम मोदी ने कहा कि अगले 20 वर्षों के लिए एक नए और बड़े एजेंडे पर काम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इसकी शुरुआत ब्रिक्स के आंतरिक कामकाज और वर्किंग सिस्टम से होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि ब्रिक्स की अध्यक्षता हर साल बदलती रहती है, लेकिन इससे संगठन की संस्थागत गति में रुकावट नहीं आनी चाहिए। इसी उद्देश्य से प्रधानमंत्री ने BRICS कंटिन्यूटी और इम्प्लीमेंटेशन मैकेनिज्म बनाने का प्रस्ताव रखा।
इसके तहत ट्रोइका व्यवस्था के जरिए सभी पहलों और उनके परिणामों के फॉलो-अप की व्यवस्था की जा सकेगी। पीएम मोदी ने कहा कि हर फैसले से जुड़े नोडल पॉइंट, टाइमफ्रेम और इम्प्लीमेंटेशन स्टेटस को रिकॉर्ड करने के लिए एक सुरक्षित डिजिटल रिपॉजिटरी भी बनाई जा सकती है।
ग्लोबल साउथ की आवाज को मजबूत करने की बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्लोबल साउथ की भूमिका को लेकर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज ग्लोबल साउथ वैश्विक संकटों में सबसे आगे है, लेकिन फैसले लेने की प्रक्रिया में सबसे पीछे है।
पीएम मोदी ने कहा कि इस व्यवस्था को बदलकर ‘प्रिविलेज के पिरामिड’ को ‘पार्टनरशिप के प्लेटफॉर्म’ में बदलना होगा। उन्होंने कहा कि ऐसे प्लेटफॉर्म पर हर देश की आवाज होनी चाहिए, हर सदस्य की भागीदारी होनी चाहिए और मानवता का विकास हर प्रयास के केंद्र में होना चाहिए।
वैश्विक शासन सुधार के लिए 10 प्रस्ताव
पीएम मोदी ने प्रस्ताव रखा कि ब्रिक्स देश मिलकर वैश्विक शासन में सुधार के लिए 10 प्रस्ताव तैयार करें। उन्होंने कहा कि इन प्रस्तावों को अगले शिखर सम्मेलन तक BRICS सुधार रोडमैप का रूप दिया जा सकता है।
प्रधानमंत्री के मुताबिक, इसका उद्देश्य वैश्विक निर्णय लेने की प्रक्रिया को अधिक सहभागी और प्रभावी बनाना है, ताकि ब्रिक्स के सभी सदस्य देशों की आवाज और भागीदारी को उचित स्थान मिल सके।

