बीएसपी सुप्रीमो ने पार्टी से निकाले गए लोगों पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया, आकाश आनंद के फोन का जिक्र करते हुए कहा- मेरे स्वास्थ्य को लेकर गलत धारणा बनाई जा रही है
यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री और बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने अपने स्वास्थ्य को लेकर फैल रही चर्चाओं पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी से निकाले गए लोगों ने यह भ्रम फैलाया है कि वह काफी बीमार हैं। मायावती ने साफ किया कि वह बिल्कुल ठीक हैं और अपने काम में लगी हुई हैं।
मायावती ने कहा कि उनके प्रति पार्टी कार्यकर्ताओं को सावधान करने के लिए वह आज मीडिया के सामने आई हैं। उन्होंने बताया कि पिछले करीब डेढ़ महीने से वह बड़े मुद्दों पर सीधे ट्वीट के जरिए जानकारी देती रही हैं, लेकिन अब मीडिया के सामने आने का मुख्य कारण पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच फैलाए जा रहे भ्रम को दूर करना है।
आकाश आनंद के फोन का मायावती ने किया जिक्र
मायावती ने दावा किया कि कल रात करीब 10 बजकर 4 मिनट पर आकाश आनंद ने उनके निवास स्थान पर पार्टी इंचार्ज आलोक कुमार को फोन किया था। उन्होंने आलोक कुमार से पूछा कि क्या बहन जी बीमार चल रही हैं और उनका स्वास्थ्य कैसा है।
मायावती के मुताबिक, आलोक कुमार ने जवाब दिया कि वह बिल्कुल ठीक हैं और अपने काम में लगी हुई हैं। उन्होंने यह भी बताया कि आलोक कुमार ने आकाश आनंद से कहा था कि इस बातचीत के बारे में बहन जी को न बताया जाए।
मायावती ने कहा कि यह मामला गंभीरता से सोचने वाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि आकाश आनंद अभी अपने दिमाग से काम नहीं कर रहे हैं, बल्कि अशोक सिद्धार्थ के दिमाग से काम कर रहे हैं।
बीएसपी संगठन को तीन सेक्टरों में बांटा
मायावती ने कहा कि बीएसपी के संगठन को देशभर में जमीनी स्तर पर मजबूत करने और खासकर बहुजन समाज में पार्टी का जनाधार बढ़ाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 3 सितंबर 2026 को लखनऊ स्थित बीएसपी प्रदेश कार्यालय में ऑल इंडिया बैठक बुलाई गई थी। यह बैठक महत्वपूर्ण मुद्दों पर काफी लंबी चली। इसमें संगठन के काम को युद्ध स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए बीएसपी को ऑल इंडिया स्तर पर तीन सेक्टरों में बांटने का फैसला किया गया।
मुख्य सेक्टर प्रभारी का पद खत्म करने की बात
मायावती ने संगठन में किए गए बदलावों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मुख्य सेक्टर प्रभारी का पद खत्म कर दिया गया है और आनंद कुमार को ज्यादा ताकत दी गई है।
उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और बहुजन समाज के बीच पार्टी के आधार को बढ़ाने के लिए आगे भी जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
ब्रिक्स और चीन के साथ सीमा मुद्दे पर भी बोलीं मायावती
मायावती ने ब्रिक्स को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ब्रिक्स पर साझा घोषणापत्र आया है, यह अच्छी बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि चीन के साथ सीमा मुद्दे का भी समाधान होना चाहिए।

