रेलवे में 656 पदों पर भर्ती का रास्ता साफ, 1 अक्टूबर से आवेदन; कर्मचारियों को प्रमोशन का मौका

Thecity news
2 Min Read

उत्तर मध्य रेलवे में जीडीसीई कोटे के तहत सहायक लोको पायलट समेत कई पदों पर होगी भर्ती, पात्र नियमित रेलकर्मी 30 अक्टूबर तक कर सकेंगे आवेदन

उत्तर मध्य रेलवे में वर्ष 2026-27 के लिए जीडीसीई कोटे के तहत 656 पदों पर भर्ती की जाएगी। रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ ने पात्र सेवारत नियमित रेलकर्मियों से इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। आवेदन प्रक्रिया 1 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी और कर्मचारी 30 अक्टूबर की रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकेंगे।

उत्तर मध्य रेलवे के अनुसार, इस भर्ती में सहायक लोको पायलट के सबसे अधिक 428 पद हैं। इसके अलावा तकनीशियन ग्रेड-1 सिग्नल एवं दूरसंचार के 5, तकनीशियन ग्रेड-3 सिग्नल एवं दूरसंचार के 56, जूनियर इंजीनियर के 60, वाणिज्यिक सह टिकट लिपिक के 104 और कनिष्ठ लिपिक सह टंकक के 3 पद शामिल हैं।

इन कर्मचारियों को मिलेगा आवेदन का मौका

रेलवे के मुताबिक, रेलवे सुरक्षा बल और रेलवे सुरक्षा विशेष बल को छोड़कर पात्र नियमित कर्मचारी जीडीसीई कोटे के तहत इन पदों के लिए आवेदन कर सकेंगे। जीडीसीई के जरिए रेलवे के नियमित कर्मचारियों को उनकी योग्यता और अनुभव के आधार पर आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल जारी सूचना सांकेतिक है। भर्ती से जुड़े विस्तृत नियम, पात्रता मानदंड, चयन प्रक्रिया और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी विस्तृत अधिसूचना में जारी की जाएगी।

आधिकारिक वेबसाइट पर मिलेगी पूरी जानकारी

रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ की ओर से भर्ती से जुड़ी संशोधित या महत्वपूर्ण जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर ही प्रकाशित की जाएगी। ऐसे में आवेदन करने वाले कर्मचारियों को विस्तृत अधिसूचना जारी होने के बाद पात्रता और अन्य शर्तों की जांच करने की सलाह दी गई है।

उत्तर मध्य रेलवे के पीआरओ मनीष सिंह के अनुसार, जीडीसीई नियमित रेल कर्मचारियों को उनके करियर में आगे बढ़ने का अवसर देता है। इससे कर्मचारियों के करियर विकास के साथ रेलवे की कार्यकुशलता बढ़ाने में भी मदद मिलती है।

Share This Article