शिवाजी पार्क में सीजेपी के प्रदर्शन को नहीं मिली अनुमति, 2 अक्टूबर को जेल भरो आंदोलन का ऐलान

Thecity news
3 Min Read

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 2 अक्टूबर को मुंबई में प्रदर्शन करना चाहती थी कॉकरोच जनता पार्टी; पुलिस ने शिवाजी पार्क में सभा की अनुमति देने में असमर्थता जताई, सीजेपी ने वैकल्पिक तौर पर जेल भरो आंदोलन की घोषणा की।

मुंबई, 28 सितंबर। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 2 अक्टूबर को मुंबई के शिवाजी पार्क में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के लिए अनुमति नहीं मिलने के बाद जेल भरो आंदोलन का ऐलान किया है। दिपके ने कहा कि अगर प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई तो गांधी जयंती के दिन मुंबई में सीजेपी कार्यकर्ता जेल भरो आंदोलन शुरू करेंगे।

मुंबई पुलिस ने क्या कहा

मुंबई पुलिस ने स्पष्ट किया कि शिवाजी पार्क में किसी भी सभा के लिए अनुमति देने का अधिकार उसके पास नहीं है। पुलिस के मुताबिक बॉम्बे हाईकोर्ट के 2013 के आदेश और महाराष्ट्र सरकार के बाद के आदेश के तहत शिवाजी पार्क को लेकर लागू नियमों के कारण वहां किसी भी तरह के जमावड़े की अनुमति पुलिस अपने स्तर पर नहीं दे सकती।

पुलिस ने यह भी कहा कि प्रदर्शन के आयोजक अजिंक्य शिंदे को इस स्थिति के बारे में जानकारी दे दी गई है। उन्हें मुंबई में किसी दूसरे स्थान का चयन कर वहां प्रदर्शन के लिए अनुमति का आवेदन करने की सलाह दी गई है। पुलिस के मुताबिक नए स्थान के लिए आवेदन मिलने पर संबंधित नियमों के तहत उस पर विचार किया जाएगा।

2 अक्टूबर को प्रदर्शन की थी घोषणा

सीजेपी ने पहले घोषणा की थी कि अगर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते हैं तो 2 अक्टूबर यानी गांधी जयंती से मुंबई में अपना राष्ट्रव्यापी विरोध अभियान शुरू किया जाएगा। इसके बाद संगठन ने शिवाजी पार्क को प्रदर्शन के स्थान के तौर पर चुना था।

सीजेपी की ओर से चुनाव आयोग से जुड़े कई मुद्दों को लेकर विरोध जताया जा रहा है। संगठन की प्रमुख मांगों में ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के साथ चुनावी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को लेकर भी आपत्तियां शामिल हैं।

अनुमति नहीं मिली तो जेल भरो आंदोलन का ऐलान

मुंबई पुलिस के रुख के बाद अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया पर कहा कि संगठन शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करना चाहता था, लेकिन अनुमति नहीं मिलने पर सीजेपी गांधी जयंती के दिन जेल भरो आंदोलन शुरू करेगी।

सीजेपी ने इसे नागरिकों के विरोध के अधिकार से जोड़ते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की है। हालांकि, पुलिस का पक्ष है कि शिवाजी पार्क में सभा की अनुमति देने का अधिकार उसके पास नहीं है और प्रदर्शन के लिए दूसरे स्थान पर आवेदन किया जा सकता है।

Share This Article