समृद्धि एक्सप्रेसवे पर भीषण टक्कर, 5 लोगों की मौत; 21 घायल, देवी की मूर्ति लेकर जा रहे थे

Thecity news
3 Min Read

अमरावती में ट्रक और बोलेरो पिकअप की आमने-सामने टक्कर में पांच लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 21 घायलों का इलाज चल रहा है।

अमरावती, 2 अक्टूबर।

महाराष्ट्र के अमरावती जिले में समृद्धि एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। धामनगांव रेलवे के पास चैनल नंबर 97 पर ट्रक और बोलेरो पिकअप की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बोलेरो पिकअप सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 21 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि बोलेरो पिकअप में सवार लोग शेगांव से दुर्गा देवी की मूर्ति लेकर वर्धा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान धामनगांव रेलवे के पास उनकी गाड़ी ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

21 घायल, गंभीर मरीज वर्धा रेफर

हादसे के बाद सभी घायलों को धामनगांव ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत वाले घायलों को बेहतर इलाज के लिए वर्धा के मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, 21 घायलों का इलाज कराया जा रहा है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद अमरावती के पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम और धामनगांव की नगराध्यक्ष अर्चना रोठे भी अस्पताल पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। घायलों के इलाज के लिए स्थानीय स्तर पर भी जरूरी व्यवस्था की गई।

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

दुर्घटना के बाद समृद्धि एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाना शुरू किया। स्थानीय नागरिकों और पत्रकारों ने भी घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रक और बोलेरो पिकअप की टक्कर किन परिस्थितियों में हुई। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Share This Article