नायरा एनर्जी ने फिर बढ़ाए पेट्रोल-डीजल के दाम, पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 प्रति लीटर महंगा

Thecity news
3 Min Read

वैश्विक ऊर्जा कीमतों में बढ़ोतरी के बीच देशभर में नायरा एनर्जी के पेट्रोल पंपों पर नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।

नई दिल्ली, 3 अक्टूबर। भारत की बड़ी निजी फ्यूल रिटेलर नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिर बढ़ोतरी की है। कंपनी ने पेट्रोल के दाम 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल के दाम 3 रुपये प्रति लीटर बढ़ा दिए हैं। नई कीमतें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं। मामले से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, वैश्विक ऊर्जा कीमतों में बढ़ोतरी के कारण फ्यूल रिटेलर्स पर बढ़े दबाव के बीच यह फैसला लिया गया है।

7108 पेट्रोल पंपों पर लागू हुईं नई कीमतें

सूत्रों के अनुसार, देशभर में करीब 7108 पेट्रोल पंप चलाने वाली नायरा एनर्जी ने शनिवार तड़के से ही पेट्रोल और डीजल की नई दरें लागू कर दीं। कंपनी की ओर से इस संबंध में तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

इस साल की शुरुआत में पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित होने के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें बढ़ी थीं। उस समय नायरा एनर्जी ने बढ़ी लागत का असर उपभोक्ताओं पर डालते हुए कीमतों में बदलाव किया था।

मार्च में भी बढ़ाए थे पेट्रोल-डीजल के दाम

नायरा एनर्जी ने 26 मार्च को पेट्रोल की कीमत में 5 रुपये और डीजल की कीमत में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। इसके बाद कंपनी के पंपों पर पेट्रोल 100.71 रुपये और डीजल 91.31 रुपये प्रति लीटर हो गया था।

इसके बाद सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने भी मई में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में चरणबद्ध बढ़ोतरी की थी। 25 मई को की गई चौथी बढ़ोतरी में पेट्रोल 2.61 रुपये और डीजल 2.71 रुपये प्रति लीटर महंगा हुआ था।

जुलाई में घटाए थे दाम

पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के बाद नायरा एनर्जी ने जुलाई में राहत दी थी। कंपनी ने 1 जुलाई को पेट्रोल के दाम 5 रुपये और डीजल के दाम 3 रुपये प्रति लीटर घटाए थे।

अब एक बार फिर पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए जाने से नायरा के ग्राहकों पर ईंधन खर्च बढ़ सकता है।

Share This Article