हिंगोली जिले के संतुक पिंपरी में दादी सावित्रीबाई के निधन से परिवार और गांव में शोक है। लंबी बीमारी के बाद करीब 80 वर्ष की उम्र में उनका निधन हुआ।
हिंगोली, 12 अक्टूबर। दिल्ली पुलिस से रिहाई के बाद सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके महाराष्ट्र के हिंगोली जिले स्थित अपने पैतृक गांव संतुक पिंपरी पहुंचे। यहां पहुंचने के बाद वह सीधे श्मशान घाट गए और अपनी दादी सावित्रीबाई शंकर दिपके को अंतिम विदाई दी। इस दौरान वह भावुक नजर आए।
सावित्रीबाई दिपके का शनिवार को लंबी बीमारी के कारण निधन हो गया था। उनकी उम्र करीब 80 वर्ष थी। उन्होंने संतुक पिंपरी गांव में अंतिम सांस ली।
दिल्ली पुलिस ने दी थी निधन की सूचना
अभिजीत दिपके को दिल्ली में हिरासत में लिए जाने के दौरान पुलिस ने उनकी दादी के निधन की जानकारी दी थी। दिपके मूल रूप से छत्रपति संभाजीनगर के निवासी हैं, जबकि हिंगोली जिले का संतुक पिंपरी उनका पैतृक गांव है। उनके दादा-दादी इसी गांव में रहते थे।
सावित्रीबाई के निधन से दिपके परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
मां ने पुलिस कार्रवाई पर जताई थी नाराजगी
अभिजीत दिपके को शनिवार को फ्लाइट से ही हिरासत में ले लिया गया था। उनकी मां ने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा था कि सरकार ने सही नहीं किया। उन्होंने यह भी कहा था कि उन्हें पहले से आशंका थी कि उनके बेटे को गिरफ्तार किया जा सकता है।
उनकी मां के मुताबिक, दिल्ली के लिए रवाना होते समय उन्होंने अभिजीत को इस आशंका के बारे में आगाह किया था, लेकिन उन्होंने भरोसा दिलाया था कि ऐसा कुछ नहीं होगा।

