उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड ने 32,679 पदों के लिए अंतिम परिणाम घोषित किया है। चयनित अभ्यर्थियों में 4,481 महिलाएं शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने आरक्षी नागरिक पुलिस और समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। कुल 32,679 पदों के लिए चयन प्रक्रिया पूरी की गई है। चयनित अभ्यर्थियों की सूची बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
इस भर्ती के तहत आरक्षी नागरिक पुलिस के 10,469, आरक्षी पीएसी एवं सशस्त्र पुलिस के 15,131, आरक्षी विशेष सुरक्षा बल के 1,341, पीएसी महिला बटालियन में महिला आरक्षी के 2,282 और आरक्षी घुड़सवार पुलिस के 71 पद शामिल हैं। इसके अलावा जेल वार्डर के 3,279 पुरुष और 106 महिला पदों पर भी चयन किया गया है।
ओबीसी के 8,818 पदों के मुकाबले 18,210 अभ्यर्थी चयनित
अंतिम परिणाम में सामान्य वर्ग के 6,685 अभ्यर्थी शामिल हैं। इनमें आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 4,628 अभ्यर्थी बताए गए हैं। अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए निर्धारित 8,818 पदों के मुकाबले 18,210 अभ्यर्थियों के चयन का उल्लेख किया गया है। वहीं, अनुसूचित जाति के 6,857 पदों के मुकाबले 7,136 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। चयनित अभ्यर्थियों में कुल 4,481 महिलाएं शामिल हैं।
28.86 लाख अभ्यर्थियों ने किया था आवेदन
भर्ती बोर्ड के अनुसार, इस भर्ती के लिए कुल 28,86,797 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। लिखित परीक्षा 8, 9 और 10 जून को आयोजित की गई थी। परीक्षा सभी जिलों में कुल छह पालियों में संपन्न हुई थी।
अभिलेखों की जांच और शारीरिक मानक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की दौड़ 1 से 11 अक्टूबर के बीच आयोजित की गई। दौड़ के मूल्यांकन के लिए प्रत्येक अभ्यर्थी के मामले में आरएफआईडी तकनीक का इस्तेमाल किया गया। बोर्ड ने दौड़ पूरी होने के तीन दिन बाद अंतिम परिणाम जारी कर दिया।
नवंबर के तीसरे सप्ताह में जारी होंगे सामान्यीकृत अंक
पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के डीजी एसबी शिरडकर के अनुसार, लिखित परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के सामान्यीकृत अंकों (नॉर्मलाइज्ड स्कोर) का विवरण नवंबर के तीसरे सप्ताह में बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा।
ऐसे चेक करें यूपी पुलिस भर्ती का रिजल्ट
अभ्यर्थी अपना परिणाम देखने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर जाएं। वहां संबंधित भर्ती के परिणाम लिंक पर क्लिक करके चयन सूची देख सकते हैं। भविष्य में जरूरत के लिए परिणाम की पीडीएफ डाउनलोड करके सुरक्षित रख लें।

