नकाबपोश बदमाशों ने पिछला दरवाजा तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। चोरी की घटना सीसीटीवी में कैद हुई, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
गुजरात के अहमदाबाद जिले में नवपुर गांव के पास स्थित ‘इंग्राम माइक्रो’ कंपनी के स्टोर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। 21 अक्टूबर की रात करीब तीन नकाबपोश चोर स्टोर का पिछला दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और लगभग एक करोड़ रुपये के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर फरार हो गए। पूरी घटना स्टोर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
पीछे के खेत से स्टोर में घुसे चोर
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, आरोपी स्टोर के पीछे मौजूद खेत की तरफ से आए थे। उन्होंने पिछला दरवाजा तोड़ा और अंदर घुस गए। पहचान छिपाने के लिए चोरों ने सिर और चेहरे को कपड़े से ढक रखा था। वारदात के बाद वे सड़क के रास्ते फरार हो गए।
चांगोदर पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
सुरक्षा गार्डों ने मैनेजर को दी सूचना
21 अक्टूबर की रात करीब एक बजे से ढाई बजे के बीच सुरक्षा गार्डों ने जांच के दौरान स्टोर का पिछला दरवाजा टूटा हुआ देखा। अंदर रखे पार्सल भी क्षतिग्रस्त थे। गार्डों ने तुरंत स्टोर मैनेजर सुधीर नायर को सूचना दी, जो जगतपुर स्थित गोदरेज गार्डन सिटी में रहते हैं।
मैनेजर के मौके पर पहुंचकर जांच करने पर इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की चोरी का पता चला।
आईफोन, एप्पल वॉच और लैपटॉप ले गए आरोपी
चोरों ने एप्पल समेत कई प्रमुख कंपनियों के महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को निशाना बनाया। चोरी हुए सामान में शामिल हैं:
- आईफोन 17 सीरीज के 40 फोन
- आईफोन 16 के 30 फोन
- 36 एप्पल वॉच
- 15 डेल लैपटॉप
- 11 एचपी लैपटॉप
- 20 आईपैड
- आईपैड प्रो डिवाइस और लैपटॉप बैग
चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है।
आरोपियों की तलाश में पुलिस की विशेष टीमें
अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस की डीएसपी नीलम गोस्वामी के मुताबिक, आरोपियों को पकड़ने के लिए कई विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण कर रही है और फरार बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।

