‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत दिल्ली, हैदराबाद, मुंबई, भागलपुर और कोलकाता में पदयात्रा व विरोध प्रदर्शन होंगे।
राहुल गांधी की रामलीला मैदान में हुई रैली के बाद अब बीजेपी ने भी मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस की ओर से वोट चोरी का मुद्दा उठाए जाने के बीच बीजेपी ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आज देश के कई शहरों में मार्च और रैलियां निकालने जा रही है। इस अभियान में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से लेकर बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और कई बड़े नेता शामिल होंगे।
हैदराबाद में अमित शाह निकालेंगे पदयात्रा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज हैदराबाद के निजाम कॉलेज से पदयात्रा करेंगे। यह मार्च कॉलेज परिसर में बाबू जगजीवन राम की प्रतिमा से शुरू होकर मोजमजाही चौराहे तक जाएगा।
भागलपुर और कोलकाता में नितिन नवीन का मार्च
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन भी आज सड़कों पर उतरेंगे। वह बिहार के भागलपुर में मार्च निकालेंगे। इसके बाद दोपहर में कोलकाता के कॉलेज स्ट्रीट से धर्मतला तक करीब दो किलोमीटर लंबी पदयात्रा करेंगे।
इस मार्च में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और प्रदेश अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य भी शामिल होंगे।
मुंबई में शिवाजी पार्क से कामगार मैदान तक मार्च
मुंबई में बीजेपी के सैकड़ों कार्यकर्ता और बड़े नेता दादर के शिवाजी पार्क से पैदल मार्च करते हुए कामगार मैदान तक जाएंगे। पार्टी इस अभियान के जरिए कांग्रेस की रैली और उसके आरोपों का विरोध करेगी।
दिल्ली में सिख विरोधी नरसंहार के पीड़ितों के साथ न्याय मार्च
दिल्ली में बीजेपी आज सिख विरोधी नरसंहार के पीड़ित परिवारों के साथ न्याय मार्च निकालेगी। दोपहर 12 बजे गुरुद्वारा बंगला साहिब से गुरुद्वारा रकाबगंज साहिब तक यह मार्च आयोजित किया जाएगा।
यह प्रदर्शन 1984 के सिख विरोधी नरसंहार के पीड़ित परिवारों के साथ एकजुटता जताने और न्याय की मांग को लेकर होगा। गौरतलब है कि 1 नवंबर को राहुल गांधी ने रामलीला मैदान में रैली की थी। इसके बाद बीजेपी ने उनके कार्यक्रम को लेकर विरोध प्रदर्शन की तैयारी की है।

