मतदाता सूची में नाम शामिल कराने को लेकर लगाए गए आरोपों पर राउज एवेन्यू कोर्ट ने पुलिस से जवाब मांगा है। अगली सुनवाई 28 नवंबर को होगी।
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग वाली याचिका पर दिल्ली पुलिस से एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) तलब की है। अदालत ने पुलिस को मामले में की गई कार्रवाई की जानकारी पेश करने का निर्देश दिया है।
अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (एसीजेएम) विनोद जोशी ने पुलिस से जवाब मांगा है। अब इस मामले में अगली सुनवाई 28 नवंबर 2026 को होगी।
क्या है सोनिया गांधी के खिलाफ पूरा मामला?
यह मामला सोनिया गांधी की नागरिकता और मतदाता सूची में उनके नाम को लेकर लगाए गए आरोपों से जुड़ा है। याचिका में दावा किया गया है कि उनका नाम साल 1980 में ही मतदाता सूची में शामिल कर लिया गया था, जबकि उन्हें भारतीय नागरिकता 1983 में मिली थी।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया था। इसी आधार पर सोनिया गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है। ये सभी शिकायत में लगाए गए आरोप हैं।
सेशन कोर्ट के आदेश के बाद आगे बढ़ी सुनवाई
इस मामले में पहले निचली अदालत ने एफआईआर दर्ज करने का निर्देश देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद उस आदेश को सेशन कोर्ट में चुनौती दी गई। सेशन कोर्ट ने निचली अदालत का पुराना आदेश रद्द कर दिया।
इसके बाद मामला राउज एवेन्यू कोर्ट पहुंचा, जहां अब दिल्ली पुलिस से एक्शन टेकन रिपोर्ट मांगी गई है। अदालत में पुलिस की रिपोर्ट पेश होने के बाद मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया तय होगी।

