कनखल में प्रेमनगर तिराहे के पास देर रात हुए हादसे में दोनों कारें क्षतिग्रस्त हो गईं, लेकिन गनीमत रही कि उनमें कोई सवार नहीं था।
उत्तराखंड के हरिद्वार में कनखल कोतवाली क्षेत्र के नेशनल हाईवे की सर्विस रोड पर देर रात गन्ने से लदा एक ओवरलोड ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक की चपेट में आने से सड़क किनारे खड़ी दो कारें उसके नीचे दब गईं। हादसे में हरियाणा नंबर की एक कार पूरी तरह गन्नों के नीचे दब गई, जबकि उत्तराखंड नंबर की दूसरी कार का पिछला हिस्सा ट्रक के नीचे आ गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय दोनों कारों में कोई मौजूद नहीं था।
प्रेमनगर तिराहे के पास बेकाबू हुआ ट्रक
जानकारी के मुताबिक, इन दिनों शुगर मिलों में गन्ने की पेराई का सीजन शुरू हो चुका है। इसके चलते किसान बड़ी संख्या में गन्ने से लदे वाहन लेकर मिलों की ओर जा रहे हैं।
इसी दौरान देर रात गन्ने से भरा एक ओवरलोड ट्रक हरिद्वार की हाईवे सर्विस रोड से गुजर रहा था। प्रेमनगर तिराहे के पास होटल जान्हवी डेल के सामने चालक ने ट्रक से नियंत्रण खो दिया और वाहन सड़क किनारे पलट गया। ट्रक पलटते ही वहां खड़ी दो कारें उसकी चपेट में आ गईं।
गन्नों के नीचे पूरी तरह दब गई एक कार
बताया गया कि हरियाणा नंबर की कार में एक परिवार रिश्तेदारी में हरिद्वार आया हुआ था। परिवार के सदस्य कार सड़क किनारे खड़ी करके कहीं गए हुए थे। हादसे के समय कार में कोई मौजूद नहीं था। ट्रक में लदे गन्ने पूरी तरह कार के ऊपर गिर गए, जिससे वह दिखाई देना भी मुश्किल हो गई।
वहीं, उत्तराखंड नंबर की दूसरी कार का पिछला हिस्सा ट्रक के नीचे दब गया। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और वहां भीड़ जमा हो गई।
चालक पर नशे में होने का आरोप
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि ट्रक चालक नशे में था और हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर कनखल पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। ट्रक से गन्ने हटवाकर उसे किनारे किया गया और दोनों कारों को बाहर निकाला गया।
ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने हाईवे और आसपास की सड़कों पर ओवरलोड गन्ने से लदे वाहनों की आवाजाही पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि क्षमता से अधिक गन्ना लादकर चलने वाले वाहन अन्य राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बन रहे हैं। लोगों ने ऐसे वाहनों के खिलाफ नियमित कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने बहाल कराया यातायात
एसएसआई अनुज सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। ट्रक को खाली कराकर हटाया गया और दोनों कारों को बाहर निकालने के बाद सर्विस लेन पर यातायात सुचारू करा दिया गया।
उन्होंने बताया कि हादसे में दोनों कारों को नुकसान पहुंचा है, लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई। ट्रक चालक मौके से फरार है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

