हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन सेंसेक्स और निफ्टी लाल निशान में खुले, जबकि आईटी और हेल्थकेयर शेयरों ने बाजार को कुछ सहारा दिया।
हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार, 20 नवंबर को भारतीय शेयर बाजार में एक बार फिर बिकवाली का दबाव देखने को मिला। कारोबार की शुरुआत होते ही प्रमुख सूचकांक लाल निशान में फिसल गए। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 400 अंकों से ज्यादा टूट गया, जबकि निफ्टी में भी 120 अंकों से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। मेटल, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और ऑयल एंड गैस शेयरों में बिकवाली ने बाजार पर दबाव बनाया। हालांकि, आईटी और हेल्थकेयर शेयरों में खरीदारी से कुछ राहत मिली।
सेंसेक्स और निफ्टी का शुरुआती हाल
शुक्रवार को बाजार खुलने के बाद सेंसेक्स 411.32 अंक गिरकर 82,597.27 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। वहीं, एनएसई निफ्टी 120.65 अंक टूटकर 25,939.40 के स्तर पर पहुंच गया।
बाजार में गिरावट का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि एनएसई पर कारोबार करने वाले कुल 2,957 शेयरों में से 791 में तेजी रही, जबकि 2,050 शेयर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। 116 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। इस दौरान 27 शेयर अपने 52 हफ्ते के उच्चतम स्तर पर पहुंचे, जबकि 65 शेयरों ने 52 हफ्ते का निचला स्तर छुआ।
मेटल सेक्टर में सबसे ज्यादा गिरावट, आईटी शेयरों में तेजी
सेक्टोरल इंडेक्स में ज्यादातर क्षेत्रों पर दबाव देखने को मिला। निफ्टी आईटी में 1.66 फीसदी और निफ्टी मिडस्मॉल आईटी टेलीकॉम में 1.02 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। निफ्टी हेल्थकेयर 0.41 फीसदी और निफ्टी प्राइवेट बैंक 0.04 फीसदी की बढ़त के साथ हरे निशान में रहे।
दूसरी ओर, निफ्टी मेटल में सबसे ज्यादा 2.50 फीसदी की गिरावट आई। निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 1.13 फीसदी, निफ्टी ऑयल एंड गैस 1.03 फीसदी, निफ्टी पीएसयू बैंक 0.73 फीसदी, निफ्टी मीडिया 0.70 फीसदी और निफ्टी एफएमसीजी 0.56 फीसदी टूटे।
टाटा स्टील और टाइटन समेत कई शेयर फिसले
दिग्गज कंपनियों के शेयरों में भी शुरुआती कारोबार के दौरान भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। टाटा स्टील में 3.55 फीसदी और जेएसडब्ल्यू स्टील में 3.38 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। टाइटन 2.94 फीसदी, श्रीराम फाइनेंस 1.51 फीसदी, लार्सन एंड टुब्रो 1.50 फीसदी, हिंदुस्तान यूनिलीवर 1.41 फीसदी, हिंडाल्को 1.35 फीसदी और रिलायंस इंडस्ट्रीज 1.09 फीसदी टूटे।
वहीं, कुछ शेयरों में अच्छी खरीदारी भी देखने को मिली। मैक्स हेल्थकेयर 3.76 फीसदी और अपोलो हॉस्पिटल्स 2.94 फीसदी चढ़े। टेक महिंद्रा में 1.87 फीसदी, टीसीएस में 1.56 फीसदी, एचसीएल टेक में 1.25 फीसदी और मारुति सुजुकी में 0.90 फीसदी की तेजी रही।

