क्रेडिट कार्ड बिलिंग में गलत लेनदेन या हिडन चार्ज की समस्या? जानें बिलिंग विवाद कैसे दर्ज करें, शिकायत कैसे करें और बिलिंग गड़बड़ी से खुद को कैसे बचाएं।
वर्तमान में वित्तीय प्रबंधन और खरीदारी के लिए क्रेडिट कार्ड बेहद जरूरी हैं, लेकिन कभी-कभी बिलिंग संबंधी समस्याएं उत्पन्न होने से विवाद पैदा हो सकते हैं। यह विवाद किसी हिडन चार्ज, गलत राशि, डुप्लिकेट एंट्री, व्यापारी की गलती या धोखाधड़ी के कारण हो सकता है। कभी-कभी यह किसी सब्सक्रिप्शन के ऑटो-रिन्यूअल या रिफंड न मिलने से भी हो सकता है।
गलत लेनदेन की जांच कैसे करें:
क्रेडिट कार्ड बिलिंग में कोई गड़बड़ी लगे तो अपने बैंकिंग ऐप में लेनदेन की विस्तृत सूची खोलें। इसमें तारीख, समय, मर्चेंट कोड, स्थान और लेनदेन का प्रकार दिखाई देता है। गलत लेनदेन की पहचान होने पर सीधे मर्चेंट से संपर्क करें। यदि मर्चेंट की गलती हो, तो शुल्क वापस मिल सकता है।
गलत भुगतान की शिकायत करें:
प्रत्येक क्रेडिट कार्ड जारीकर्ता के पास मोबाइल ऐप, फोन बैंकिंग या सुरक्षित मैसेज के माध्यम से विवाद निवारण विकल्प होता है। शिकायत दर्ज कराने के बाद बैंक जांच शुरू करता है। इसके लिए बिल, स्क्रीनशॉट या मर्चेंट ईमेल अपलोड करने को कहा जा सकता है। बैंक विवाद दर्ज होते ही रेफरेंस नंबर प्रदान करता है।
जांच में लगने वाला समय:
बिलिंग विवाद की जांच में आमतौर पर 30 से 90 दिन लगते हैं। बैंक मर्चेंट से प्रमाण-पत्र मांगता है। यदि मर्चेंट वैध प्रमाण नहीं देता, तो निपटारा कार्डधारक के पक्ष में होता है।
गड़बड़ी रोकने के उपाय:
- अंतरराष्ट्रीय लेनदेन और संपर्क रहित भुगतान बंद करें।
- उपयोग न होने वाले ऑटो-डेबिट ब्लॉक करें।
- हर लेनदेन के लिए अलर्ट सेट करें।
- ऐप्स और सब्सक्रिप्शन की समीक्षा करें।
- टोकनयुक्त कार्ड, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन और खर्च सीमा जोड़ें।
इन उपायों को अपनाकर आप अपने क्रेडिट कार्ड बिलिंग विवाद से निपट सकते हैं और भविष्य में गड़बड़ियों को रोक सकते हैं।

