दिल्ली में GRAP-4 सख्ती: 600 से ज्यादा प्रदूषण फैलाने वाले उद्योग बंद, हजारों वाहनों पर कार्रवाई

Thecity news
2 Min Read

दिल्ली में वायु गुणवत्ता के गंभीर स्तर तक बिगड़ने के बाद सरकार ने ग्रैप (GRAP) स्टेज-4 के तहत सख्ती और तेज कर दी है। इसके तहत राजधानी में प्रदूषण फैलाने वाले 600 से अधिक गैर-अनुपालन उद्योगों के खिलाफ बंद करने और सील करने की कार्रवाई की जा रही है।

प्रदूषण नियंत्रण एजेंसियों ने औद्योगिक क्षेत्रों, पुनर्विकास औद्योगिक समूहों और गैर-अनुरूप इलाकों में कुल 3,052 निरीक्षण किए। जांच के दौरान 612 औद्योगिक यूनिट्स प्रदूषण नियंत्रण मानदंडों का उल्लंघन करती पाई गईं। इनमें 251 यूनिट्स औद्योगिक क्षेत्रों, 181 पुनर्विकास क्षेत्रों और 180 यूनिट्स गैर-अनुरूप क्षेत्रों में स्थित हैं।

ANI की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि GRAP-4 के प्रतिबंधों के बावजूद कुछ निर्माण स्थल और औद्योगिक इकाइयां नियमों की अनदेखी कर रही हैं। उन्होंने साफ कहा कि प्रतिबंधों के दौरान यदि कोई भी निर्माण गतिविधि पाई जाती है तो संबंधित स्थल को सील कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सरकार की कार्रवाई केवल उद्योगों तक सीमित नहीं है, बल्कि वाहनों से होने वाले प्रदूषण पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। GRAP-4 नियमों को 24 घंटे लागू कराने के लिए दिल्ली यातायात पुलिस ने प्रमुख और छोटे बॉर्डर पॉइंट्स पर करीब 500 पुलिसकर्मियों को तैनात किया है।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, प्रतिबंध लागू होने के बाद से अब तक PUCC उल्लंघन के मामले में लगभग 2,686 चालान काटे जा चुके हैं, जबकि BS-6 मानकों से नीचे के वाहनों के खिलाफ 422 चालान जारी किए गए हैं। सरकार ने स्पष्ट किया है कि जब तक वायु गुणवत्ता में सुधार नहीं होता, तब तक सख्त कदम जारी रहेंगे।

Share This Article