रेल यात्रियों को झटका: सामान्य और एक्सप्रेस ट्रेनों के किराए में बढ़ोतरी, 26 दिसंबर से लागू

Thecity news
3 Min Read

भारतीय रेलवे ने यात्रियों को बड़ा झटका देते हुए सामान्य और मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों के किराए में बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया है। रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार यह बढ़ोतरी 26 दिसंबर से लागू होगी। हालांकि, राहत की बात यह है कि इसका असर केवल लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा, जबकि कम दूरी के यात्रियों के किराए में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि 215 किलोमीटर तक की दूरी की साधारण श्रेणी की यात्रा पर किराए में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। यानी रोजाना और कम दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को इससे राहत मिलेगी।

रेलवे द्वारा जारी नई दरों के मुताबिक, 215 किलोमीटर से अधिक दूरी तय करने पर साधारण श्रेणी में प्रति किलोमीटर 1 पैसा किराया बढ़ाया गया है। वहीं, मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए स्लीपर और AC दोनों श्रेणियों में प्रति किलोमीटर 2 पैसे की बढ़ोतरी की गई है। इसका मतलब है कि यदि कोई यात्री 500 किलोमीटर की सामान्य या स्लीपर यात्रा करता है, तो उसे पहले के मुकाबले करीब 10 रुपये अधिक चुकाने होंगे।

रेलवे ने यह भी साफ किया है कि यह बढ़ोतरी लोकल ट्रेनों और मासिक सीजन टिकट (MST) पर लागू नहीं होगी। उदाहरण के तौर पर, दिल्ली से अहमदाबाद के बीच की दूरी लगभग 900 किलोमीटर है। ऐसे में जनसाधारण एक्सप्रेस से सफर करने वाले यात्रियों को करीब 10 रुपये अधिक, जबकि संपूर्ण क्रांति, राजधानी और वंदे भारत एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में सफर करने पर लगभग 20 रुपये अतिरिक्त देने होंगे।

रेलवे ने किराया बढ़ाने के पीछे बढ़ते खर्चों को वजह बताया है। रेलवे के अनुसार बीते 10 वर्षों में नेटवर्क और ट्रेनों की संख्या में काफी विस्तार हुआ है। सुरक्षा और संचालन को बेहतर बनाने के लिए कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई गई है, जिससे वेतन और भत्तों पर खर्च बढ़ा है। वर्तमान में रेलवे का मैनपावर खर्च करीब 1.15 लाख करोड़ रुपये और पेंशन खर्च लगभग 60,000 करोड़ रुपये सालाना है। वित्त वर्ष 2024-25 में रेलवे का कुल ऑपरेशन खर्च 2.63 लाख करोड़ रुपये रहा है।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इस सीमित किराया बढ़ोतरी से चालू वित्त वर्ष में करीब 600 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आमदनी होने की उम्मीद है। गौरतलब है कि इससे पहले भी 1 जुलाई से लंबी दूरी की AC और नॉन-AC मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों के किराए में बढ़ोतरी की गई थी।

Share This Article