पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर भाजपा शासित दिल्ली सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी में ‘अटल कैंटीन’ योजना की शुरुआत की है। गुरुवार को पहले चरण में 45 अटल कैंटीन का उद्घाटन किया गया।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य गरीबों, मजदूरों और निम्न आय वर्ग के लोगों को सम्मानपूर्वक और सस्ता भोजन उपलब्ध कराना है। राजधानी में कुल 100 स्थानों पर अटल कैंटीन शुरू की जाएंगी।
🍽️ सिर्फ 5 रुपये में क्या मिलेगा?
अटल कैंटीन में रोजाना दो बार भोजन परोसा जाएगा।
- दोपहर का भोजन: सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक
- रात का भोजन: शाम 6:30 बजे से रात 9:30 बजे तक
महज 5 रुपये की थाली में लोगों को
दाल, चावल, चपाती, मौसमी सब्जी और अचार मिलेगा।
शुरुआत में प्रतिदिन 1,000 लोगों के लिए भोजन तैयार किया जाएगा, जिसे आवश्यकता अनुसार बढ़ाया जाएगा।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा,
“अटल कैंटीन दिल्ली की आत्मा बनेगी। हमारा लक्ष्य है कि राजधानी में कोई भी भूखा न सोए।”
📍 कहां-कहां शुरू हुई अटल कैंटीन?
पहले चरण में जिन इलाकों में अटल कैंटीन शुरू की गई हैं, उनमें शामिल हैं:
- आरके पुरम
- जंगपुरा
- शालीमार बाग
- ग्रेटर कैलाश
- राजौरी गार्डन
- नरेला
- बावाना
शेष 55 कैंटीनों का उद्घाटन आने वाले दिनों में किया जाएगा।
🖥️ डिजिटल व्यवस्था और निगरानी
दिल्ली सरकार ने भोजन वितरण के लिए मैनुअल कूपन की जगह डिजिटल टोकन सिस्टम लागू किया है।
सभी अटल कैंटीनों की CCTV कैमरों से रियल टाइम निगरानी दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड के डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए की जाएगी।

